मकान मालिक मैहर गए हुए थे, चोर इसी का फायदा उठाकर अंदर घुसे

मकान को सूना समझकर चोरी करने के इरादें से मकान में घुसना चोरों को महंगा साबित हुआ। चोरों की आहट सुनकर मकान के पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति ने साहस दिखाते हुए बड़ी ही सूझबूझ से अन्य मोहल्ले वासियों को उठाकर चोरों को धर दबोचा। दरअसल कोटर कस्बे के वार्ड क्रमांक 8 स्थानीय निवासी रमेश त्रिपाठी के सूने मकान को निशाना बनाकर घर का ताला तोड़कर तीन चोर अंदर घुस गए। घटना के समय रमेश त्रिपाठी अपने बेटे के पास मैहर गए हुए थे, जिससे घर पूरी तरह खाली था।
चोरों की आहट सुनकर पड़ोसी पंकज गोस्वामी को संदेह हुआ। उन्होंने तत्काल रमेश के भाई लल्लू उर्मलिया को सूचना दी। सूचना मिलते ही दोनों मौके पर पहुंचे और साहस दिखाते हुए आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान दो आरोपी किसी वाहन से मौके से फरार हो गए, जबकि एक युवक को पंकज गोस्वामी और लल्लू उर्मलिया ने दबोच लिया। इस घटना ने कस्बे में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं पंकज गोस्वामी और लल्लू उर्मलिया द्वारा दिखाई गई बहादुरी की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

चोर ने किए चाकू से वार
पकड़े गए आरोपितों ने भागने के प्रयास में चाकू से हमला कर दिया। हमले में लल्लू उर्मलिया को चोटें आईं, जिनमें दो से तीन वार बताए जा रहे हैं। इसके बावजूद दोनों ने हिम्मत नहीं हारी और आरोपी को काबू में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया गया है कि पकड़ा गया आरोपी सतना के बजरहा टोला का निवासी है, जबकि फरार दो आरोपी कोटर कस्बे के ही बताए जा रहे हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
रमेश त्रिपाठी के आने का इंतजार
फिलहाल रमेश त्रिपाठी के लौटने का इंतजार किया जा रहा है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि चोर घर से कोई सामान चोरी कर ले गए हैं या नहीं। पुलिस के अनुसार, गृहस्वामी के आने के बाद ही नुकसान का सही आकलन हो सकेगा।


