उत्तर प्रदेश

बरेली में BJP विधायक को मीटिंग में हार्टअटैक, मौत:डॉ. श्याम बिहारी मंत्री के साथ सर्किट हाउस में थे, कल बर्थडे मनाया था

यूपी के बरेली में शुक्रवार को भाजपा विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल की मौत हो गई। उन्होंने गुरुवार, एक जनवरी को अपना 60वां जन्मदिन मनाया था।

दरअसल, सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह मीटिंग ले रहे थे। मीटिंग में फरीदपुर सीट से विधायक श्याम बिहारी लाल भी शामिल थे। दोपहर करीब सवा 2 बजे अचानक विधायक की तबीयत बिगड़ गई।

मीटिंग में अफरा-तफरी मच गई। विधायक को उनके सहयोगियों ने तत्काल मेडिसिटी हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां विधायक को वेंटिलेटर पर रखा गया। लेकिन उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई और करीब 3 बजे मौत हो गई।

डॉ. श्याम बिहारी लाल बरेली में सुरक्षित फरीदपुर विधानसभा सीट से दूसरी बार चुनाव जीतकर विधायक बने थे। परिवार में पत्नी मंजू लता, एक बेटा और दो बेटियां हैं।

पेशे से प्रोफेसर थे श्याम बिहारी विधायक श्याम बिहारी लाल का जन्म 1 जनवरी 1966 को उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में हुआ था। उनके पिता का नाम राधेश्याम था। श्याम बिहारी लाल पोस्ट ग्रेजुएट थे। वे पेशे से प्रोफेसर थे।

वर्तमान में वे बरेली की महात्मा ज्योतिबा फूले रोहिलखंड यूनिवर्सिटी में प्राचीन इतिहास एवं संस्कृति विभाग के प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष थे। इसके अलावा वे पांचाल संग्रहालय के निदेशक भी थे और गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, नोएडा के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्य थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button