साहिबगंज में ऑटो और टैंकर की टक्कर, तीन की मौत:बरहेट–बरहड़वा मार्ग पर हादसे में 5 लोग जख्मी, आक्रोशितों ने किया सीएचसी में तोड़फोड़

साहिबगंज में शुक्रवार को यात्रियों से भरे एक ऑटो और तेल टैंकर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में एक स्कूली बच्ची समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन बच्चों सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी यात्रियों को डाहूजोर चौक पर उतरना था
हादसा बरहेट–बरहड़वा मुख्य पथ पर छोटा रांगा डांड़ पुल मोड़ के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो बरहेट से बरहड़वा की ओर जा रहा था, जबकि तेल टैंकर बरहड़वा से तेल खाली कर बरहेट की ओर लौट रहा था। सभी यात्री डाहूजोर चौक पर उतरने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।
मृतकों की पहचान रांगा थाना क्षेत्र के बड़ा रांगा गांव निवासी 30 वर्षीय समरा साह, घटियारी गांव की 30 वर्षीय रंदनी सोरेन तथा डाहूजोर की 6 वर्षीय शांति हेम्ब्रम के रूप में हुई है। बताया गया कि रंदनी सोरेन बरहड़वा जा रही थी।

इलाज में लापरवाही का आरोप
हादसे में घायल लोगों का इलाज अलग-अलग स्थानों पर किया जा रहा है। घटना के बाद इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए आक्रोशित लोगों ने रांगा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पतना में तोड़फोड़ की।
सूचना मिलने पर बरहड़वा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल के नेतृत्व में बरहड़वा व रांगा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने का प्रयास किया गया, लेकिन ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए शव ले जाने से रोक दिया।



