यूपी में 21 IAS का ट्रांसफर, इनमें 8 महिलाएं:योगी ने महिला IAS को दी अहम जिम्मेदारियां, 3 अफसर संभालेंगी राजस्व

यूपी की योगी सरकार ने देर रात 8 महिला अफसरों समेत 21 IAS का ट्रांसफर किया है। इनमें ज्यादातर प्रमोशन पाए अफसर हैं, जिन्हें नई तैनाती मिली है। सचिव से प्रमुख सचिव बनने वाले दो और विशेष सचिव से सचिव बने कुछ अफसरों को भी नई तैनाती दी गई है।
इसके अलावा, 3 महिला IAS अफसरों को राजस्व की जिम्मेदारी दी गई है। शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग का जिम्मा भी महिला अफसरों को सौंपा गया है। साथ ही निर्वाचन, वित्त, राजस्व, नगर विकास, चिकित्सा शिक्षा और महिला कल्याण जैसे विभागों के अफसरों में भी फेरबदल किया गया है।
अपर्णा यू को प्रमुख सचिव राजस्व, एसवीएस रंगाराव को प्रमुख सचिव उत्तर प्रदेश पुनर्गठन समन्वय राष्ट्रीय एकीकरण तथा सामान्य प्रशासन बनाया है। इसके अलावा अखंड प्रताप सिंह विशेष सचिव निर्वाचन से उसी विभाग में सचिव बनाए गए हैं।
नेहा शर्मा को प्रभारी महानिरीक्षक निबंधक से महानिरीक्षक निबंधक की जिम्मेदारी दी गई। डॉ. सारिका मोहन को सचिव चिकित्सा शिक्षा विभाग एवं महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा बनाया गया है।
पूरी लिस्ट देखिए-
राजस्व विभाग की कमान महिला अफसरों के हाथ राजस्व विभाग की कमान अब पूरी तरह महिला अफसरों के हाथ रहेगी। राजस्व परिषद की रजिस्ट्रार कंचन वर्मा हैं। अब अपर्णा यू और सुधा वर्मा की तैनाती से विभाग की कमान पूरी तरह से महिलाओं के हाथ आ गई है।

महिला अफसरों को मिली प्राइम पोस्टिंग IAS ट्रांसफर सूची में महिला अफसरों को प्राइम पोस्टिंग दी गई है। अर्पणा यू को राजस्व विभाग का प्रमुख सचिव, सुधा वर्मा को राजस्व विभाग का सचिव, मोनिका रानी को स्कूल शिक्षा महानिदेशक, सारिका मोहन को चिकित्सा शिक्षा विभाग का महानिदेशक, नेहा शर्मा को महानिदेशक निबंधन, डॉ. वंदना शर्मा को निदेशक महिला कल्याण विभाग और संदीप कौर को वित्त विभाग में सचिव नियुक्त किया गया है।
अपर्णा यू के बारे में जानिए…
- अपर्णा यू यूपी कैडर की 2001 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। आंध्र प्रदेश में 3000 करोड़ के स्किल डेवलपमेंट घोटाले में नाम आया था। मामले में उनके पति जीबीएस भास्कर को नोएडा से गिरफ्तार किया गया था।
- अपर्णा यू के आंध्र से प्रतिनियुक्ति से लौटने के बाद यूपी सरकार ने यूपी पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया। कॉरपोरेशन से जुड़े पीएफ घोटाले के उजागर होने के बाद सिंचाई विभाग की सचिव नियुक्त गईं।
- पैक्ट (PACT) अध्यक्ष का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया। उन्हें बेसिक शिक्षा विभाग में भी सचिव बनाया गया था। नई नियुक्ति से पहले चिकित्सा शिक्षा में सचिव और महानिदेशक के पद पर कार्य कर रही थीं।
योगेश कुमार को लंबे समय बाद मिली अच्छी पोस्टिंग IAS योगेश कुमार को लंबे समय बाद अच्छी पोस्टिंग मिली है। उन्हें सहकारिता विभाग का निबंधक और आयुक्त बनाया गया है। 2017 के बाद से योगेश कुमार मनरेगा, ग्राम्य विकास विभाग, कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा और गृह विभाग में विशेष सचिव पद पर तैनात रहे। उन्हें केवल बांदा और अमेठी में ही जिलाधिकारी बनने का मौका मिला।
नवीन कुमार को हटाया ट्रांसफर सूची में जीएस नवीन कुमार को सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के सचिव पद से हटाकर राजस्व परिषद में सदस्य नियुक्त किया गया है। प्रशासनिक हलकों में इसे साइड-लाइन वाली पोस्टिंग माना जाता है। सूत्रों के मुताबिक, किसी परियोजना को लेकर उनकी विभाग के अपर मुख्य सचिव अनिल गर्ग से नहीं बन रही थी। अनिल गर्ग और विभागीय मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की सिफारिश पर उन्हें हटाया गया है।