प्रयागराज में महिला की गोली मारकर हत्या:दामाद घर से घसीटते हुए लाया, सिर में मारी गोली; बेटी बोली-सेक्स रैकेट चलवाना चाहता था

प्रयागराज में शुक्रवार शाम 4 बजे एक महिला की हत्या कर दी गई है। महिला का दामाद उसे सड़क पर घसीटता हुआ लाया। इसके बाद सड़क पर गोली मार दी। गोली महिला के सिर में लगी। महिला की मौके पर ही मौत हो गई है।
मौके पर लोगों की भारी भीड़ लगी है। परिजनों में हत्या को लेकर भारी आक्रोश है। मौके पर पुलिस पहुंच गई है। परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है।
बेटी का कहना है कि मेरा पति मुझसे सेक्स रैकेट चलवाना चाहता था। इसी वजह से मैं झगड़ा कर मायके आ गई थी। घटना के बाद आरोपी दामाद फरार हो गया है। घटना करेली में काली मंदिर के पास की बताई जा रही है।
2 तस्वीरें देखिए…

अब जानिए पूरा मामला अकबरपुर पुरानी मस्जिद के पास मुश्ताक अपनी पत्नी आशिया खातून (50) के साथ रहते है। आशिया खातून की बेटी चांद बीवी ने 10 साल पहले मो. इरफान से लव मैरिज की थी। उनके एक बेटी एक बेटा है।
इरफान और चांद बीवी में विवाद हुआ तो वह मायके मां के पास रहने लगी। इरफान का पत्नी से झगड़ा चल रहा है। इसी बात को लेकर आज इरफान फिर अपनी ससुराल आया था। वहां पर झगड़ा होने लगा।
विवाद के बाद इरफान सास को घसीटते हुए घर के बाहर सड़क पर ले आया और उसके सिर में गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में खलबली मच गई। सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई है।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया है। पुलिस परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रही है।

मुझसे सेक्स रैकेट चलवाना चाहता था बेटी चांद बीवी ने बताया- इरफान मुझसे सेक्स रैकेट चलवाना चाहता था। इसी वजह से मैं झगड़ा कर मायके आ गई। इसके बाद भी पीछा नहीं छोड़ रहा था। रात में नशा कर मायके आता और मारपीट करता था।
23 दिसंबर को वह शराब पीकर घर पहुंचा और मारपीट कर खींच ले जाना चाहता था। मोहल्ले वालों के आने पर वह धमकी देकर चला गया था। मैंने पति के खिलाफ करेली थाने में तहरीर भी दी थी।
डीसीपी सिटी मनीष शांडिल्य ने बताया- सूचना मिली थी एक महिला की गोली मारकर हत्या की गई थी। पारिवारिक विवाद में दामाद ने हत्या की है। महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।