चलती स्कॉर्पियो पर पूर्व महिला सभासद का स्टंट:हरदोई में थाने के सामने भोजपुरी गाने पर थिरकीं, एयरगन से टशनबाजी दिखाई

हरदोई में पूर्व सभासद महिला ने थाने के सामने भोजपुरी गाने पर REEL बनाई। सड़क पर रखे पुलिस बैरिकेड्स हटा दिए। चलती स्कॉर्पियो के बोनट पर बैठकर स्टंट किए। पूर्व सभासद किरण बेखौफ होकर वीडियो बनाती रहीं। पुलिसवालों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
45 सेकेंड का वीडियो शाहाबाद थाने का है। इसमें किरण कंधे पर एयरगन लहराकर टशनबाजी करते नजर आ रही हैं। बैकग्राउंड में गाना बज रहा है…“दिहलू तू हमके फंसाए, 100 नंबर बुला के।”
पूर्व सभासद किरण शाहबाद के खेड़ा मोहल्ले की रहने वाली हैं। हालांकि, किरण ने वीडियो कब बनाए, इसका पुलिस पता लगा रही है। घटना जिला मुख्यालय से 35 किलोमीटर दूर शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र की है।
पूर्व महिला सभासद की REEL की 3 तस्वीरें-


वीडियो में क्या दिख रहा, जानिए
वीडियो में तीन सीन हैं। पहले में किरण लाल रंग का सलवार सूट पहने कोतवाली गेट के सामने रील बनाती दिख रही है। दूसरे में सड़क पर ट्रैफिक पुलिस की बैरिकेडिंग हटाती है। फिर चलती स्कॉर्पियो की बोनट पर बैठकर वीडियो शूट कराती है। तीसरे में बाग में एयरगन के साथ पोज देती नजर आ रही है।

वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर यूजर्स ने सवाल उठाया कि कोतवाली के सामने ऐसा स्टंट कैसे हुआ? पुलिसकर्मियों ने इसे क्यों नहीं रोका? यातायात नियमों के खुले उल्लंघन पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
मामला तूल पकड़ने के बाद हरदोई पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से बयान जारी किया गया। पुलिस ने बताया कि वीडियो के आधार पर प्रभारी निरीक्षक शाहाबाद जितेंद्र प्रताप सिंह को जांच सौंपी गई है। जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया- महिला की पहचान कर ली गई है। जांच के बाद कार्रवाई करेंगे।