रांची

झारखंड आ रही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू:ओलचिकी लिपि के शताब्दी समारोह में होंगी शामिल, NIT के 15वें दीक्षांत में छात्रों को देंगी उपाधि

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर आ रही हैं। वह 28 दिसंबर को रांची पहुंचेगी। 28 और 29 को उनका रांची स्थित लोकभवन (राजभवन) में विश्राम करेंगी। अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह 29 को जमशेदपुर जाएंगी।

जहां अपने पहले कार्यक्रम के तहत संथाली भाषा की ओल चिकी लिपि के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित शताब्दी समारोह में शामिल होंगी। इसके बाद एनआईटी जमशेदपुर के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इसके बाद 30 दिसंबर को गुमला दौरे पर जाएंगी। फिर दिल्ली रवाना हो जाएंगी।

5 राज्य में 8 दिन होगा भव्य कार्यक्रम

संथाली भाषा की ओल चिकी लिपि के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शताब्दी समारोह का भव्य समापन जमशेदपुर में होगा। समापन समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। यह जानकारी ऑल इंडिया संथाली राइटर्स एसोसिएशन के महासचिव रवींद्र नाथ मुर्मू ने दी। उन्होंने बताया कि यह आयोजन जाहेरथान कमेटी और ऑल इंडिया संथाली राइटर्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में 22वें संथाली भाषा दिवस के तहत किया जा रहा है।

आठ दिवसीय यह शताब्दी समारोह 22 से 29 दिसंबर 2025 तक दिल्ली, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम और झारखंड में आयोजित होगा। जमशेदपुर में 27, 28 और 29 दिसंबर को विशेष कार्यक्रम होंगे, जिनमें देशभर से संथाली साहित्यकार, बुद्धिजीवी और सामाजिक कार्यकर्ता भाग लेंगे।

नारी चेतना से डिजिटल युग तक, कई अहम विषयों पर मंथन

शताब्दी समारोह के दौरान संथाली समाज से जुड़े कई समसामयिक और संवेदनशील विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसमें नारी चेतना, समाज में महिलाओं की भूमिका, संथाली कवि सम्मेलन, शहरीकरण का संथाली भाषा पर प्रभाव और डिजिटल युग में संथाली भाषा व संस्कृति के विकास जैसे विषय प्रमुख हैं।

आयोजकों के अनुसार, समापन समारोह में झारखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मयूरभंज के सांसद कालीचरण सोरेन और ओडिशा की दामयंती बेसरा भी मौजूद रहेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस अवसर पर संथाली भाषा और संस्कृति के संरक्षण व विकास को लेकर अपने विचार साझा करेंगी। जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में सीमित संख्या में लोगों को ही प्रवेश दिया जाएगा और इसके लिए पूर्व रजिस्ट्रेशन अनिवार्य होगा।

एनआईटी का 15वां दीक्षांत, 1000 छात्रों को मिलेगी डिग्री

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 29 दिसंबर को दूसरा महत्वपूर्ण कार्यक्रम राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर में प्रस्तावित है। यहां वह 15वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। एनआईटी के निदेशक प्रोफेसर गौतम सूत्रधार के अनुसार राष्ट्रपति का कार्यक्रम लगभग एक घंटे का होगा। इस दौरान वह बीटेक और एमटेक की एक-एक छात्रा को गोल्ड मेडल से सम्मानित करेंगी। दीक्षांत समारोह में करीब 1000 छात्र-छात्राओं के बीच डिग्रियों का वितरण किया जाएगा। इसी कार्यक्रम में राष्ट्रपति शामिल होंगी।

अलर्ट मोड में प्रशासन, सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक तक की समीक्षा

राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है। सरायकेला के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और एसपी मुकेश लुनायत सहित कई वरीय प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने एनआईटी परिसर और करनडीह स्थित दिशोम जाहेर परिसर का सघन जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन का कहना है कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान किसी भी स्तर पर कोई चूक न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button