रांची

झारखंड में गुमला का तापमान पहुंचा 7 डिग्री सेल्सियस:डालटनगंज-बेतला में छाया कोहरा, अभी शीतलहर का अलर्ट नहीं

झारखंड के कई जिलों में बीते 24 घंटे के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया है। कहीं ठंड बढ़ी है तो कहीं थोड़ी राहत मिली है। हालांकि, सुकून की बात यह रही कि राज्य के किसी भी हिस्से में शीतलहर नहीं चली।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी हवाओं का असर बना हुआ है, जिससे सुबह और शाम ठंड महसूस की जा रही है। दिन के समय धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है। मौसम शुष्क बना हुआ है। अगले कुछ दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।

दृश्यता घटी, डालटनगंज-बेतला में कोहरे का असर

कोहरे की वजह से कई इलाकों में दृश्यता कम हो गई है। पलामू जिले के डालटनगंज में दृश्यता घटकर 300 मीटर रह गई, जबकि रांची में 700 मीटर और जमशेदपुर में 800 मीटर रिकॉर्ड की गई। बेतला क्षेत्र में कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं।

सोमवार सुबह 9 बजे तक घना कोहरा छाया रहा, जिससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी हुई। ठंड के कारण किसान, मजदूर और छोटे व्यवसायी ठिठुरते हुए काम करते नजर आए। शाम होते ही लोग जल्दी घरों में दुबक गए। स्कूल और कोचिंग जाने वाले बच्चों को सुबह की ठंड झेलनी पड़ी।

गुमला राज्य का सबसे कम तापमान वाला जिला

मौसम विभाग के मुताबिक झारखंड के लगभग सभी जिलों में सुबह के समय कोहरा या धुंध देखी जा रही है, जबकि दिन में आसमान साफ रहता है। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस गुमला में रिकॉर्ड किया गया।

वहीं पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सबसे अधिक है। डालटनगंज में अधिकतम तापमान 0.4 डिग्री गिरकर 25.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री बढ़कर 8.7 डिग्री दर्ज किया गया। बोकारो में भी अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखी गई।

रांची अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री घटा

राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री घटकर 24.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री बढ़कर 10.2 डिग्री सेल्सियस हो गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री और न्यूनतम 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम केंद्र रांची के अनुसार आज भी कोहरा या धुंध छाए रहने की संभावना है, बाद में मौसम साफ हो जाएगा। अधिकतम तापमान में करीब 1 डिग्री की बढ़ोतरी और न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री की गिरावट हो सकती है। अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button