उत्तर प्रदेशताजा खबर

हिंदू प्रेमिका की गर्दन काटकर शॉपिंग की:सहारनपुर से हिमाचल ले गया, होटल में कमरा नहीं मिला तो हत्याकर जंगल में फेंकी लाश

तारीख : 7 दिसंबर। जगह : हरियाणा का यमुनानगर। सहारनपुर की महिला की सिर कटी लाश मिली। इस मर्डर मिस्ट्री में रविवार को खुलासा हुआ, फिर कई सनसनीखेज बातें सामने आ रही हैं। मुस्लिम प्रेमी ने हिंदू प्रेमिका का कत्ल किया। प्रेमिका उमा (30) को ठिकाने लगाने के लिए 6 दिसंबर की शाम टैक्सी ड्राइवर बिलाल 6 घंटे बेचैन रहा।

वो हिमाचल के पांवटा साहिब की तरफ होटल में कमरा लेकर हत्या करना चाहता था। कमरा नहीं मिला तो एकांत जगह ढूंढता रहा। नहीं मिली तो यमुनानगर में कलेसर जंगल की तरफ आया। बिलाल यह हत्या जल्दी से जल्दी करना चाहता था, ताकि वो सुकून से उमा से छुटकारा पा ले और दूसरी लड़की से निकाह की तैयारियां कर सके।

पुलिस जांच में सामने आया कि उमा को स्विफ्ट कार में बैठाकर वह कई घंटे सड़कों पर ही घुमाता रहा। उसे मौके की तलाश थी, जो उसे मिल नहीं पा रहा था। फिर उसने कलेसर नेशनल पार्क को इस वारदात के लिए चुना। मर्डर के बाद बिलाल यूपी के सहारनपुर अपने घर जाकर निकाह की शॉपिंग में ऐसे जुट गया, जैसे कुछ हुआ ही नहीं।

पुलिस के सामने अब वो हथियार बरामद करने की चुनौती है, जिससे बिलाल ने उमा का सिर काटा। यह हथियार बिलाल को सजा दिलाने में अहम सबूत बनेगा। अभी बिलाल 4 दिन के पुलिस रिमांड पर है। रविवार को उसकी निशानदेही पर हरियाणा-हिमाचल के बॉर्डर पर कलेसर जंगल में स्थित लालढांग की खाई से उमा का सिर बरामद हुआ है।

यमुनानगर पुलिस की गिरफ्त में आरोपी बिलाल।

सिलसिलेवार पढ़ें, पुलिस जांच में सामने आई आखिरी घंटों की कहानी…

  • उमा को कहा-घूमने चलते हैं, सरप्राइज है: सहारनपुर के नकुड़ में बिलाल (27) के घर उसकी निकाह की तैयारियां चल रहीं थी। घरवाले लगातार दबाव बना रहे थे कि अब निकाह में एक हफ्ता रह गया है, इसलिए घर से बाहर न जाए। बिलाल के दिमाग में उमा घूम रही थी। वही उमा, जिसके साथ वो दो साल से सहारनपुर की गंगोत्री कॉलोनी में किराये पर कमरा लेकर लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। उसके दिमाग में रह-रहकर ख्याल आ रहा था कि कहीं निकाह की बात पता लगने पर उमा उसके घरवालों के सामने पोल न खोल दे। 6 दिसंबर शाम करीब 6 बजे स्विफ्ट कार लेकर उमा के कमरे पर गया। बोला-सरप्राइज है, चलो तुम्हें बाहर घुमाकर लाता हूं।
  • बड़े चाव से उमा तैयार हुई, पसंदीदा ड्रेस पहनी: उमा तो खुशी से झूम उठी। बड़े चाव से पसंदीदा ड्रेस पहनी और तैयार होने में करीब एक घंटा लगाया। उमा को सजने-संवरने का शौक भी था। हथनीकुंड बैराज में यूपी और हरियाणा को जोड़ने वाला पुल है। बिलाल उसी रास्ते से कार लाया। उसका हरियाणा में आना CCTV कैमरे में कैद हुआ है।
  • पहले हिमाचल की तरफ कार घुमाई, होटल की तलाश थी: बिलाल ने पहले हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब की तरफ कार मोड़ ली। उमा लगातार उससे बातें करे जा रही थी, बिलाल चुप-चाप था। उसके दिमाग में तो कुछ और ही चल रहा था। रात के करीब 8 बज गए थे और अंधेरा छा गया था। कलेसर नेशनल पार्क से गुजर रहे नेशनल हाईवे से गाड़ियां आ-जा रही थी। उस दिन शनिवार था। वीक-एंड पर अकसर पर्यटक इस इलाके में घूमने जाते हैं। बिलाल ने कहा-कोई होटल देखते हैं, वहां शाम बिताएंगे।
  • पर्यटकों की भीड़ की वजह से इरादा बदला: पांवटा में कई रूम तलाशने की कोशिश की, लेकिन पर्यटक काफी थे। बिलाल को डर लगा कि कहीं पकड़ा न जाए। अचानक प्लान बदल दिया। इसके बाद उसने हरियाणा की सीमा की तरफ कार मोड़ ली। बोला-चलो जंगल की तरफ चलते हैं, उधर भी अच्छे होटल हैं। उमा राजी हो गई। इस बीच बिलाल ने दो-तीन जगह सुनसान एरिया देख कार रोकने की कोशिश की। मौका नहीं मिला तो चलता रहा। रात बढ़ रही थी और अंधेरा गहराता जा रहा था। इसी बीच उसने पूरा जंगल भी पार कर लिया।
  • कार रोक पिछली सीट पर गया और गला दबाया: कलेसर जंगल के एरिया से निकलते ही आबादी शुरू हो जाती है। यहां प्रतापनगर के गांव बहादरपुर की सीमा से पहले ही उसने कार रोक ली। बहाना बनाकर पिछली सीट पर चला गया। उस वक्त उमा अगली सीट पर बैठी अपनी धुन में मस्त थी। तभी अचानक बिलाल ने उसके गले में सीट बेल्ट डाल दी और गला घोंटने लगा। उमा के पास बचने या चिल्लाने का ज्यादा मौका नहीं था।

उमा के शव काे पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने से पहले सील करते पुलिस कर्मी। फाइल फोटो

  • मीट काटने वाले छुरे से गर्दन काटी: उमा का शरीर बेजान हो गया। उसे मरा मान बिलाल तुरंत अगली सीट पर आया। उसने कार आगे बढ़ा ली। करीब आधा किलोमीटर दूर गया तो सामने गांव बहादुरपुर की लाइटें नजर आने लगीं। बिलाल को अब शव ठिकाने लगाने की जल्दी थी। उसके मन में पकड़े जाने का भी डर था। इसलिए उसने सिर काटने की सोची। साथ में मीट काटने वाला छुरा लेकर आया था। लाश को सड़क किनारे खेतों में बनी पॉपुलर की नर्सरी में ले गया। वहां सिर काटा और लाश के कपड़े उतार लिए, ताकि पहचान न हो। कटे सिर को पॉलिथीन के लिफाफे में डालकर अगली सीट पर रख लिया। उस वक्त रात के करीब 11-साढ़े ग्यारह बजे रहे होंगे।
  • सिर लेकर जंगल में गया और खाई में फेंका: अब उसे ऐसी जगह की तलाश थी, जहां सिर व कपड़े फेंक सके ताकि शिनाख्त की संभावना न बचे। यहां हरियाणा और हिमाचल की सीमा पर छोटी सी पहाड़ी है, जिसे लाल ढांग कहते हैं। यहां गहरी खाई है। हालांकि यहां वन विभाग ने वॉच टावर बना रखा है, लेकिन यहां कोई होता नहीं। बिलाल ने सिर फेंकने के लिए इसी जगह को चुना। यहां सिर फेंकने के बाद बिलाल ने कार घुमाई और हथनीकुंड बैराज के पुल से होते हुए अपने घर चला गया। यह सिर रविवार 14 दिसंबर को बिलाल की निशानदेही पर बरामद कर लिया गया। हालांकि अभी छुरा बरामद नहीं हुआ है।
  • घर पहुंच कर मोबाइल फॉर्मेट किया: बिलाल ने मर्डर के बाद घर पहुंचकर सबसे पहले अपना मोबाइल फॉर्मेट कर दिया। इससे उसके मोबाइल में उमा की फोटो और कॉन्टैक्ट नंबर सब डिलीट हो गए। पुलिस ने मोबाइल को भी कब्जे में ले लिया है, ताकि डेटा रिकवर किया जा सके। आधी रात के बाद बिलाल सो गया और सुबह घरवालों से कहा-अब निकाह की तैयारियों में रहूंगा। शॉपिंग भी की।

आरोपी बिलाल की निशानदेही पर पुलिस ने रविवार को महिला का सिर बरामद किया।

अब जानिए, कैसे दोनों में रिश्ता बना, जिसका अंजाम खौफनाक मौत बनी…

पति से झगड़े के बाद अकेली रहती थी उमा 30 साल की उमा 8 साल के बेटे की मां है। दो साल पहले तक पति के साथ सहारनपुर के रमजानपुरा में रहती थी। पति से विवाद हुआ तो अकेले ही गंगोत्री कॉलोनी में रहने लगी। बेटा पिता के साथ रहता है, जो कभी-कभार मिलने आता था। करीब दो साल पहले उमा टैक्सी ड्राइवर बिलाल के संपर्क में आई। दोनों लिव इन रिलेशन में रहने लगे। उमा का खर्च बिलाल ही उठाता था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कहा कि इस रिश्ते के बारे में उसके परिजनों को नहीं पता था।

पति दिव्यांग, पहले भी किसी के साथ रही थी उमा पुलिस जांच में सामने आया कि उमा का पति हाथ से दिव्यांग है और पेंटर का काम करता है। पत्नी के चरित्र को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि उमा पहले भी किसी के साथ रिलेशनशिप में रही। रिश्ता लंबा नहीं चला और उसके बाद बिलाल के संपर्क में आई।

परिजनों ने बिलाल के लिए रिश्ता ढूंढा बिलाल चार भाई बहन हैं। परिवार उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था और रिश्ता ढूंढ रहा था। उमा के चलते बिलाल परिवार को टालता रहता था। परिवार को दबाव में आकर वह रिश्ता करने को राजी हो गया। 13 दिसंबर को बिलाल की बहन की शादी होनी तय हुई और 14 दिसंबर को बिलाल की बारात जानी थी।

हत्या से एक सप्ताह पहले निकाह को लेकर हुआ झगड़ा यमुनानगर पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि हत्या के करीब एक सप्ताह पहले बिलाल और उमा के बीच शादी की बात को लेकर झगड़ा हुआ। तभी से बिलाल ने उमा को रास्ते से हटाने का प्लान बना लिया था। जैसे-जैसे बिलाल की शादी का तारीख नजदीक आ रही थी, उमा को लेकर उसकी टेंशन भी लगातार बढ़ रही थी।

जगाधरी-पांवटा नेशनल हाईवे से करीब 100 दूरी पर यह लाश पॉपुलर की नर्सरी में लाश पड़ी मिली थी। शव को सील करते पुलिस कर्मी और तलाश करते खोजी कुत्ते- फाइल फोटो।

अब जानिए, कैसे बिलाल तक पहुंची पुलिस…

  • CCTV में UP नंबर कार से मिला पहला सुराग: ब्लाइंड मर्डर को सुलझाने के लिए पुलिस ने एसआईटी गठित की। जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की गई। इसी दौरान सामने आया कि जिस नर्सरी में लाश मिली थी, उस जगह पर उस रात करीब साढ़े 11 बजे एक यूपी नंबर की कार खड़ी नजर आई थी, जिसे वहां पर एक व्यक्ति ने भी देखा था।
  • कड़ियां जोड़ते हुए आरोपी तक पहुंची पुलिस: कार अराइंवाला में एक सीसीटीवी कैमरा में भी नजर आई, जिसके बाद उसे हथिनीकुंड बैराज पर लगे सीसीटीवी कैमरा में उत्तर प्रदेश की ओर जाते देखा। आसपास के मोबाइल नंबर चेक कराने पर कुछ संदिग्ध नंबर सामने आए, जिनमें कुछ खैर तस्कर भी शामिल थे। पुलिस द्वारा उन सभी से पूछताछ की गई तो उन्होंने भी बताया कि बताया कि यूपी नंबर कार रात करीब 11-12 बजे देखी थी।
  • पुलिस घर पहुंची तो बहन की डोली उठ रही थी: एसपी कमलदीप गोयल ने बताया कि संदिग्ध कार को ढूंढते हुए और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस 13 दिसंबर को बिलाल के घर पहुंची। सहारनपुर के नकुड़ थाना क्षेत्र के टिडोली गांव में बिलाल के घर पर शादी का माहौल था। उसकी बहन की डोली उठ रही थी तो दूसरी तरफ बिलाल के मंढ़े का कार्यक्रम चल रहा था।
  • बिलाल बोला-डर था कहीं उमा मेरे घर सारी बात न बता दे: रिश्तेदारों की भीड़ में घिरा बिलाल पुलिस को देखकर चौंक गया। पुलिस ने बिलाल को उठाकर यमुनानगर लाई और पूछताछ की तो उसने सारा सच उगल दिया। पुलिस ने उसे अब चार दिन के रिमांड पर लिया है। बिलाल ने उमा का सिर बरामद करा दिया है। बिलाल ने कबूला कि उसे डर था कि कहीं उमा उसके घर पर जाकर सारी बात न बता दे, जिससे उसकी शादी टूट जाए।

10 साल पहले उमा ने की थी लव मैरिज, फिर अलग रहने लगी यमुनानगर एसपी कमलदीप गोयल ने बताया कि उमा पहले से शादीशुदा थी। करीब 10 साल पहले घर वालों की मर्जी के खिलाफ जाकर उसने उसने लव मैरिज की थी। इस शादी से उसे एक बेटा भी था, लेकिन करीब दो साल पहले वह अपने पति से अलग हो गई। उसका बेटा उसके पति के साथ रह गया और वह सहारनपुर में रहने लगी।

लव मैरिज के चलते उमा के परिजनों ने भी उससे रिश्ता तोड़ दिया था। ऐसे में उमा बिलाल के संपर्क में आई और दोनों की प्रेम कहानी शुरू हो गई। दोनों लिव-इन में रहने लगे। दो साल बाद इस अंतरजातीय प्रेम कहानी का अंत इतना खौफनाक होगा इसका अंदाजा उमा को कतई नहीं था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button