गाय लेकर भाग रहे तस्करों को टक्कर मार रोका, VIDEO:टायर फटने के बाद भी दौड़ाते रहे, सड़क पर चिंगारियां निकली; हरियाणा ले जा रहे थे

7 गोवंश हरियाणा ले जा रहे तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। तस्करों ने पुलिस जीप देख पिकअप दौड़ा दी। रुकने का इशारा करने के बावजूद भगाते रहे।
पुलिस ने अपनी गाड़ी दौड़ाकर उनका पीछा किया और पीछे से टक्कर मारकर पिकअप को रोकने की कोशिश की।
इस टक्कर के कारण पिकअप का एक टायर फट गया, लेकिन बदमाश गाड़ी दौड़ाते रहे, जिससे सड़क पर चिंगारियां निकलती रहीं।
करीब 10 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद, पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर 7 गौ-तस्करों को पकड़ लिया। तस्करों में 6 हरियाणा के और एक नगर (स्थानीय) का रहने वाला है।
तस्कर इन गायों को हरियाणा ले जा रहे थे।
मामला डीग जिले का देर रात 3 बजे का है।
तस्वीरों में देखें कैसे पुलिस ने गो तस्करों को पकड़ा…


गौ रक्षा दल ने दी सूचना
नगर थाना अधिकारी धारा सिंह ने बताया- देर रात 3 बजे में गौ रक्षा दलों से सूचना मिली थी कि कुछ गौ तस्कर एक पिकअप में गाय भरकर नदबई से नगर होकर हरियाणा ले जाने वाले हैं। सूचना पर DST टीम ने सुंदरावली से दुदावल रोड पर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद पिकअप आई तो, DST टीम ने पिकअप को रोकने का प्रयास किया।
तस्करों ने पुलिस वाहन को मारी टक्कर और भागे
DST टीम इंचार्ज सुल्तान सिंह ने बताया- पिकअप चालक ने रुकने के बजाय DST टीम की गाड़ी को जोरदार टक्कर मारी, जिससे गाड़ी का बंपर और बोनट टूट गया। टक्कर मारने के बाद गौ तस्कर पिकअप को लेकर फरार हो गए, जिसके बाद DST टीम ने नगर टीम को गौ तस्करों के बारे में सूचना दी। नगर पुलिस ने डीग चुंगी पर नाकाबंदी की, लेकिन तस्कर वहां से भी पुलिस बैरिकेड तोड़कर आगे निकल गए।
लगातार पीछा, थून गांव के पास पिकअप पलटी
पुलिस टीमों ने पिकअप का करीब 10 किलोमीटर तक पीछा किया।थून गांव से लगभग एक किलोमीटर पहले तेज गति के कारण पिकअप सड़क किनारे खेत में पलट गई। पिकअप में मौजूद सातों गौ तस्कर उतरकर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया।
सात गाय बरामद, तस्कर घायल और अस्पताल में भर्ती
पिकअप में कुल 7 गाय भरी हुई थीं, जिन्हें बाद में सुरक्षित गोशाला भेज दिया गया, जहां गायों का चेकअप होगा।
पिकअप पलटने से तस्करों को चोटें आईं। उन्हें नगर कस्बे के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गिरफ्तार सात तस्करों में से 6 हरियाणा निवासी हैं, जबकि एक आरोपी सोहिल नगर का रहने वाला है। तस्करों की पिकअप को जब्त कर लिया गया है।
हरियाणा ले जाकर कट्टीघर में बेचने की तैयारी थी
पुलिस जांच में सामने आया कि तस्कर इन गायों को हरियाणा के कट्टीघर लेकर जा रहे थे। गायों को बताया जा रहा है कि यह सड़कों पर घूमती थीं और इन्हें उठाकर ले जाया गया था। नगर थाने की टीम और DST टीम मिलाकर करीब 12 पुलिसकर्मी ऑपरेशन में मौजूद थे। इनके साथ गौरक्षा दल भी था।



