मेट्रो प्रबंधन 13 दिसंबर को संभावित लोकार्पण के लिए तैयारी में जुटे
सुभाष नगर मेट्रो डिपो से लेकर एम्स मेट्रो स्टेशन तक अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे

स्टार इंडिया न्यूज़ प्रतिनिधि, भोपाल। कमिश्नर मेट्रो रेल सेफ्टी (सीएमआरएस) से ग्रीन सिग्नल मिलने के बाद भोपाल मेट्रो के प्रायोरिटी कॉरिडोर पर हलचल तेज हो गई है। मेट्रो प्रबंधन 13 दिसंबर को संभावित लोकार्पण के लिए तैयारी में जुट गया है। सुभाष नगर मेट्रो डिपो से लेकर एम्स मेट्रो स्टेशन तक अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि शेष कार्य समय पर पूरे किए जा सके। प्रोजेक्ट स्थल पर काम कर रहे कर्मचारी बताते हैं कि वर्तमान में दो शिफ्ट में काम चल रहा है और मजदूरों की संख्या दोगुनी कर दी गई है। बड़े से लेकर छोटे सभी काम तेजी से निपटाए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान सुभाष नगर स्टेशन पर कर्मचारी बिजली के पोल पर वायर जोड़ते दिखाई दिए, जबकि अन्य स्टेशनों पर फिनिशिंग, सफाई और अन्य तकनीकी काम जारी थे। सुभाष नगर, रानी कमलापति, अलकापुरी और एम्स स्टेशन के बाहर अन्य स्टेशनों की तुलना में अधिक कर्मचारी और अधिकारी तैनात दिखे।
2021-22 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन कोविड के चलते देरी हुई। बाद में दो बार समय सीमा बढ़ाई गई, फिर भी काम गति नहीं पकड़ पाया। अक्टूबर 2025 तक दी गई तीसरी डेडलाइन भी इसी देरी का नतीजा रही।


