सील के बाद भी चलता दिखा होटल देशी ठाठ:जूली बोले- लोग अंदर बैठे हैं, बाहर कार्रवाई चल रही है, प्रशासन का तरीका गलत

अलवर की फेमस झील सिलीसेढ़ के पेटे पर बने देशी ठाठ होटल को यूआईटी प्रशासन ने गुरुवार सुबह सील कर दिया। इसके अलावा मेधावन, द जंगल लेप, नमन बाग, फतेहगढ़ फॉर्म को भी सील किया गया है। देशी ठाठ होटल के गार्ड रूम को भी तोड़ दिया गया है। जमीन का भू-रूपांतरण कराए बिना होटल चलाने पर यह कार्रवाई की है।
गुरुवार सुबह-सुबह पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। वहां सबसे पहले सिलीसेढ़ बांध के पेटे व किनारे पर बने देशी ठाठ होटल को सील किया गया। उसके बाद होटल के एक गेट के पास बने गार्ड रूम को तोड़ा गया। उसके बाद मेधावन, द जंगल लेप, नमन बाग फतेहगढ़ फॉर्म होटल -रिसोर्ट को सील किया गया। अलवर यूआईटी के दस्ते के साथ बड़ा पुलिस जाब्ता भी मौजूद रहा।

अवैध निर्माण मानते हुए सील, व्यावसायिक गतिविधि
अलवर यूआईटी ने सिलीसेढ़ होटल का अवैध निर्माण माना। जिसके कारण सील किया गया। आगे सील को हटाकर होटल चलाया गया तो आपराधिक केस दर्ज किया जा सकता है। यह होटल बिना निर्माण की मंजूरी के खड़ा किया गया। सिलीसेढ़ बांध के पेटे में है। बांध के बहाव व भराव क्षेत्र में भी निर्माण का हिस्सा माना गया है।




