राजस्थान

शिव-परिवार को खंडित किया,पोशाक-जलाई, फूट-फूट कर रोई बुजुर्ग महिला:अनशन पर भक्त, बोली-अन्न जल ग्रहण नहीं करूंगी;बजरंग दल ने रोड जाम किया

कोटा शहर के शॉपिंग सेंटर इलाके में स्थित पिपलेश्वर महादेव मंदिर में शिव परिवार को खंडित करने का मामला सामने आया है। पता लगने पर गुस्साए स्थानीय व्यापारियों ने इसका विरोध जताया। इस दौरान नियमित पूजा के लिए आई बुजुर्ग महिला संतोष शर्मा मंदिर की ये हालत देखकर रोने लग गई। महिला के आंख से आंसू निकलने लगे। पता लगने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे।

सड़क पर धरने पर बैठ गए। रोड़ जाम कर दिया। बुजुर्ग महिला भी अब घटना स्थल पर पहुंच गई और फूट-फूट कर रोने लगी। महिला की मांग है कि जब तक कार्रवाई नहीं होगी तब तक यहीं बैठी रहूंगी अन्न जल ग्रहण नहीं करूंगी।

घटनास्थल पर पहुंची महिला संतोष शर्मा रोते हुए बोली जब तक आरोपियों को सजा नहीं मिलेगी ना खाना खाऊंगी ना पानी पीऊंगी यहीं बैठी रहूंगी

मूर्तियां तोड़ी, पोशाकें जलाई

व्यापारियों का आरोप है कि असामाजिक तत्वों ने मंदिर में लगी मूर्तियों में तोड़फोड़ की है, और पोशाकें जलाई हैं। व्यापारी कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध में उतर गए। सूचना पर एडिशनल एसपी दिलीप सैनी सहित पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली।

एडिशनल एसपी दिलीप सैनी से बातचीत करते हुए कोटा दक्षिण से बीजेपी विधायक संदीप शर्मा

कोटा दक्षिण से बीजेपी विधायक घटनास्थल पर पहुंचे

कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि घटना का पता लगने पर मैं भी मौके पर गया। वहां बजरंग दल के कार्यकर्ता धरने पर बैठे हुए थे। मैंने अधिकारियों से बातचीत की है। अधिकारियों ने बताया कि दो-तीन दिन से एक मंदबुद्धि व्यक्ति मंदिर के आसपास नजर आ रहा था। मानसिक रूप से उसके हालात ठीक नहीं है। ऐसा पुलिस प्रशासन का कहना है।

हमारी मांग है कि पहले उसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया जाए उससे पूछताछ की जाए। आखिर उसने ऐसा क्यों किया। क्योंकि इस तरीके की घटनाएं किसी साजिशवश हुई है या षड़यंत्र पूर्वक हुई है इसका खुलासा होना चाहिए। किसी भी प्रकार से हम लोगों की धार्मिक भावना आहत ना हो इस बात का पुलिस प्रशासन को ध्यान रखना होगा।

मंदिर की मूर्तियां खंडित हो जाने पर आस-पास के लोगों ने मंदिर पर कपड़ा डाल दिया

एडिशनल एसपी दिलीप सैनी-पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक किए हैं, जांच जारी है

एडिशनल एसपी दिलीप सैनी ने बताया शॉपिंग सेंटर इलाके में पिपलेश्वर महादेव मंदिर में असामाजिक व्यक्ति द्वारा मूर्तियों को नुकसान पहुंचाने की शिकायत मिली थी। जिस पर मौका निरीक्षण किया है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर मामला दर्ज किया है।

सीसीटीवी में नजर आया संदिग्ध युवक

आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए जा रहे हैं। आस पड़ोस के लोगों ने बताया रात के समय मानसिक रूप से विमंदित व्यक्ति मंदिर के आसपास घूम रहा था। जिसे लोगों ने टोका था। आज सुबह 6 बजे भी वो व्यक्ति मंदिर के आसपास ही था। वो बहकी बहकी बातें कर रहा था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

घटना के बाद मंंदिर के सामने प्रदर्शन करते बजरंगदल के कार्यकर्ता

स्थानीय लोगों में गुस्सा

स्थानीय व्यापारी गौरव अग्रवाल ने बताया शॉपिंग सेंटर इलाके में बंधन बैंक के सामने डिवाइडर पर मंदिर बना हुआ है। ये प्राचीन मंदिर है। इस मंदिर से व्यापारियों की काफी आस्था जुड़ी है। सभी व्यापारी यहां दर्शन करके ही दुकान खोलते हैं। मंदिर में शिवलिंग, पार्वती, गणेश सहित अन्य भगवान की मूर्तियां हैं।

आज सुबह 6 बजे पुजारी आया तो मंदिर के आसपास शिव परिवार की मूर्तियां टूटी हुई मिली। भगवान को पहनाई हुई पोशाकें जली हुई थी। स्थानीय व्यापारियों में घटना को लेकर काफी गुस्सा है। सभी व्यापारी कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में 3:45 बजे करीब एक संदिग्ध मंदिर के आसपास घूमता नजर आया है।

सुनील निमोदिया ने बताया यह प्राचीन मंदिर है जो डिवाइडर के बीच बना हुआ है आसपास के दुकानदार दुकान का शटर खोलने से पहले मंदिर में भगवान के जल चढ़ाते हैं। रात को एक व्यक्ति मंदिर के आसपास घूम रहा था जिसे स्थानीय लोगों ने टोका था लेकिन वो गया नहीं। हमारी मांग है मंदिर में तोड़फोड़ करने वालों को कड़ी से कड़ी सजा मिले।

गुस्साए स्थानीय व्यापारियों ने इसका विरोध जताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button