यूपी में SIR से तंग BLO टीचर फंदे पर लटका:लिखा- 4 बेटियां हैं…जीना चाहता हूं, लेकिन टारगेट पूरा नहीं कर पा रहा

यूपी के मुरादाबाद में टीचर BLO ने सुसाइड कर लिया। रविवार सुबह उनका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। टीचर सर्वेश सिंह (46) ने जान देने से पहले बेसिक शिक्षा अधिकारी के नाम 3 पेज का सुसाइड नोट लिखा। इसमें SIR से परेशान होने की बात लिखी।
नोट में उन्होंने लिखा- रात-दिन काम करता रहा। फिर भी SIR का टारगेट हासिल नहीं कर पा रहा हूं। रात बहुत मुश्किल और चिंता में कटती है। सिर्फ 2 से 3 घंटे सो पा रहा हूं। 4 बेटियां हैं, 2 की तबीयत कई दिनों से खराब है।
मैं जीना तो चाहता हूं पर क्या करता, मुझे बहुत बेचैनी है। घुटन और अपने आपको डरा महसूस कर रहा हूं। मेरी 4 छोटी बेटियों का ख्याल रखना बहुत मासूम हैं। अगर समय ज्यादा होता तो शायद मैं इस काम को पूरा कर देता। जो वक्त था वह मेरे लिए पर्याप्त नहीं था। क्योंकि, मैं अपने जीवन में पहली बार BLO बना था।

वहीं सर्वेश का सुसाइड से एक दिन पहले का वीडियो सामने आया है। जिसमें सर्वेश बोला- मैं 20 दिन से सोया नहीं हूं। मेरी मौत का जिम्मेदार मैं स्वंय हूं। मैं एसआईआर के काम में निपुण नहीं हूं।
मामला भोजपुर के बहेड़ी गांव का है। सर्वेश सिंह भगतपुर टांडा थाना क्षेत्र के गांव जाहिदपुर सिकंदरपुर कंपोजिट स्कूल में सहायक अध्यापक थे। 7 अक्टूबर को उन्हें BLO बनाया गया था।
यूपी में SIR शुरू होने के बाद से 7 BLO की जान जा चुकी है। इसमें 3 ने सुसाइड किया। जबकि 3 की मौत हार्ट अटैक और एक की जान ब्रेन हेमरेज से गई।