उत्तर प्रदेशजमशेदपुरझारखंडरांची

उत्तर-पश्चिमी हवाओं से झारखंड में मौसम शुष्क:10.9°C के साथ गुमला में सबसे अधिक ठंड, सुबह हल्की धुंध या कोहरा छाने की संभावना

रांची मौसम केंद्र के मुताबिक राज्य में फिलहाल किसी बड़ी मौसमी प्रणाली का प्रभाव नहीं है। उत्तर-पश्चिमी से पश्चिमी हवाएं लगातार सक्रिय हैं। जिसके कारण पिछले 24 घंटे मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। साहेबगंज में अधिकतम तापमान 30°C दर्ज किया गया, जबकि गुमला का न्यूनतम तापमान 10.9°C रहा। पूरे राज्य में सबसे कम तापमान गुमला में रहा है।

वहीं अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर-नीचे रहा। आर्द्रता सुबह के समय 80% से 95% तक पहुंची। आने वाले दिनों में भी सुबह हल्की धुंध या कोहरा छाने की संभावना है। जबकि दिन बढ़ने पर आसमान बिल्कुल साफ रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल किसी तरह की चेतावनी नहीं है। मौसम सामान्य बना रहेगा।

मध्य, दक्षिण और उत्तर-पश्चिमी जिलों में हल्का कोहरा

रांची, बोकारो, रामगढ़, खूंटी, गुमला और कोडरमा जैसे मध्य झारखंड के जिलों में सुबह हल्की धुंध बने रहने की संभावना है। इसी तरह जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा में भी सुबह कोहरे का प्रभाव दिखेगा। हालांकि धूप निकलने के बाद मौसम आरामदायक रहेगा।

वहीं उत्तर-पश्चिमी जिलों गढ़वा, पलामू और लातेहार में भी सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है। देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज में भी मौसम पूरी तरह स्थिर है। कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है। 24 से 26 नवंबर के दौरान हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन इसका मौसम पर खास असर नहीं पड़ेगा।

तापमान में आएगी गिरावट, बढ़ेगी कनकनी

मौसम विभाग ने चेताया है कि 23 से 26 नवंबर के बीच तापमान में 10 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। कोडरमा, चतरा, पलामू, लातेहार और गढ़वा में न्यूनतम तापमान 15°C से घटकर 11–12°C तक पहुंच सकता है। रांची, हजारीबाग और रामगढ़ में भी ठंड बढ़ेगी। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 27°C से गिरकर 24–26°C के बीच रहेगा।

न्यूनतम तापमान 12°C से नीचे आकर 10°C तक जा सकता है। उत्तर-पूर्वी जिलों धनबाद, देवघर, गिरिडीह और दुमका में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री की कमी दर्ज होने की संभावना है। दक्षिण झारखंड में भी तापमान धीरे-धीरे नीचे आएगा।

मौसम विभाग के अनुसार आर्द्रता शाम को कई जगह 40% से 60% तक घटने से मौसम शुष्क बना रहेगा।

अगले दिनों में शुष्क मौसम, बारिश की संभावना नहीं

27 और 28 नवंबर को सुबह धुंध और दिन में हल्के बादल रह सकते हैं, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है। आर्द्रता शाम को कई जगह 40% से 60% तक घटने से मौसम शुष्क बना रहेगा।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि बदलते मौसम को देखते हुए गर्म कपड़े तैयार रखें, क्योंकि 24 नवंबर के बाद राज्य के अधिकांश हिस्सों में कनकनी महसूस होगी। कुल मिलाकर अगले पांच दिन ठंड में बढ़ोतरी और शुष्क मौसम के संकेत दे रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button