उत्तर प्रदेशताजा खबर

यूपी के 20 शहरों में कोहरा, पारा 9° पहुंचा:50 मीटर विजिबिलिटी, काशी में 8 ट्रेनें कैंसिल; शाहजहांपुर में रोडवेज बस टकराई

यूपी में पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं ने सर्दी में अचानक इजाफा कर दिया है। बरेली, वाराणसी, जौनपुर समेत 20 शहरों में घना कोहरा छाया है। बरेली में विजिबिलिटी 50 मीटर और काशी में 500 मीटर दर्ज की गई। कोहरे के चलते हाईवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। शाहजहांपुर में रोडवेज बस और डीसीएम की टक्कर हो गई। हादसे में डीसीएम चालक समेत तीन लोग घायल हो गए।

बुलंदशहर में इस सीजन का सबसे कम पारा 9°C दर्ज किया गया। कोहरे के चलते काशी में 8 ट्रेनें निरस्त कर दी गईं। अगले महीने से लखनऊ रूट की 50 ट्रेनों को भी रद्द कर दिया गया है। प्रदेश में सुबह से शाम तक बादलों और सूरज की लुकाछिपी देखने को मिल रही है। लोग अलाव और हीटर का सहारा लेने लगे हैं।

लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने कहा- हिमालयी क्षेत्रों से आ रहीं पछुआ हवाओं के कारण ठंड बढ़ी है। अगले पांच दिनों में तापमान में 2 से 4°C तक की गिरावट की संभावना है। नवंबर के आखिरी हफ्ते में मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिलेगा। कई जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति भी बन सकती है।

3 तस्वीरें देखिए-

वाराणसी में सुबह घना कोहरा देखने को मिलेगा। विजिबिलिटी 500 मीटर दर्ज की गई।

बरेली में सुबह हाईवे पर भीषण कोहरा देखने को मिला। इसके चलते वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई।

शाहजहांपुर में कोहरे के चलते रोडवेज बस और डीसीएम की टक्कर हो गई। हादसे में 3 लोग घायल हो गए हैं।

बदायूं में आसमान से गिरी बर्फ की सिल्ली

बदायूं में रविवार सुबह आसमान से अचानक बर्फ की सिल्ली गिर गई, जिसका वजन करीब 1 क्विंटल बताया जा रहा है। उस समय ईंट-भट्टे पर लोग काम कर रहे थे, जो बाल-बाल बच गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।

प्रत्यक्षदर्शी वीर सिंह ने बताया, “मैं पूरे परिवार के साथ भट्टे पर काम कर रहा था, तभी आसमान से बर्फ की सिल्ली मेरे पास गिर गई। उसके कई टुकड़े दूर-दूर तक जाकर गिरे। भट्‌टे पर नंदनी, सोमेंद्र, काजल, पूनम और संगीता काम कर रहे थे, जो बाल-बाल बचे।”

वैज्ञानिकों के अनुसार, इसके पीछे दो संभावित कारण हैं। पहला- विमान के शौचालय का उपयोग करते समय हवा में मौजूद जलवाष्प जम जाती है। जब विमान ऊंचाई से नीचे उतरना शुरू करता है, तो बाहरी वातावरण का तापमान बढ़ने लगता है। इससे विमान की सतह पर जमी यह बर्फ पिघलकर बड़ी सिल्ली के रूप में जमीन पर गिर सकती है।

दूसरा-हवा में मौजूद नमी बवंडर के साथ ऊपर उठती है और ऊंचाई पर जाकर बर्फ के छोटे-छोटे टुकड़े बनाती है। नमी युक्त हवा संघनित होकर एक बड़े बर्फ के टुकड़े में बदल जाती है, जो बाद में तेजी से धरती पर गिरता है।

प्रयागराज में कोहरा छाया, ठंड हवाएं चल रहीं

प्रयागराज में नवंबर के आखिरी सप्ताह के साथ ही ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है। शहर में तापमान लगातार गिर रहा है। सुबह कई इलाकों में घना कोहरा छाया। अब ठंड हवाएं चल रही हैं।

कोहरे के कारण लखनऊ रूट की 50 ट्रेनें रद्द

उत्तर प्रदेश में कोहरे का मौसम आते ही ट्रेनों की चाल थमने लगी है। सर्दियों में बढ़ती धुंध और कम विजिबिलिटी को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 से अधिक ट्रेनों को निरस्त कर दिया है। कई ट्रेनों के फेरों में कटौती की गई है, जबकि कुछ को दिसंबर से मार्च तक के लिए पूरी तरह रोक दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button