
भोपाल।। गांधी नगर थाना क्षेत्र इलाके में रविवार शाम रांग साइड से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि उस पर सवार 17 साल की कॉलेज छात्रा उछलकर दूर जा गिरी। सिर फटने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई जबकि उसका छोटा भाई और मां गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक ग्राम डुंगरिया थाना बैरसिया जिला भोपाल निवासी शिम्पी राजपूत पुत्री स्व. परमोल सिंह राजपूत (17) बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। राज नगर कॉलोनी करोंद में शिम्पी के मामा रहते हैं। रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे शिम्पी और उसका छोटा भाई मोहित राजपूत (16) मां रेखा राजपूत के साथ पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर मामा के घर से अपने गांव डुंगरिया लौट रहे थे। जैसे ही वह
बिशनखेड़ी रोड पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मोटरसाइकिल पर सवार शिम्पी राजपूत, मोहित व रेखा राजपूत उछलकर दूर जा गिरे। पत्थर से टकराने से शिम्पी का सिर फट गया। उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

लोगों ने पुलिस को सूचना देकर घायल मोहित व उसकी मां रेखा राजपूत को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रधान आरक्षक चन्द्रमोहन साहू का कहना है कि मोहित राजपूत 11 वीं कक्षा का छात्र है और अहमदपुर जिला सीहोर के स्कूल में पढ़ाई कर रहा है। पिता का निधन हो चुका है। जिस मोटरसाइकिल से हादसा हुआ है वो नई थी। अभी उस पर रजिस्ट्रेशन नंबर भी नहीं लिखे गए है।



