रतलाम। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 7 के बाहर मालवा रेस्ट हाउस के सामने सड़क किनारे खड़ी बुलेरो कार में बुधवार सुबह ड्राइवर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। वाहन मालिक प्रेमसिंह पुत्र उमराव सिंह रावत ने सुबह करीब 9.30 बजे जीआरपी चौकी पर सूचना दी कि उनकी बुलेरो कार क्रमांक एमपी-43-28-9255 की बीच वाली सीट पर चालक 37 वर्षीय हिम्मत सिंह पुत्र दातार सिंह मृत अवस्था में पड़ा है। जीआरपी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जीआरपी ने कार की जांच की तो हिम्मत सिंह का शव अंडरवियर में बीच वाली सीट पर मिला। कार में उसके कपड़े, पानी की बोतल और जहरीले पदार्थ के तीन पाउच मिले। कार के अंदर और बाहर उल्टी भी मिली है। प्रारंभिक जांच में जहरीला पदार्थ खाने से आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। जांच के बाद जीआरपी ने शव को करीब 11.15 बजे ऑटो रिक्शा से मेडिकल कॉलेज भेज दिया।प्रारंभिक जांच में हिम्मत सिंह के पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। उसकी पत्नी वंदना के अनुसार वह तीन दिन से घर नहीं गया था। रेलवे में वाहन अटैच होने के कारण वह अक्सर ड्राइविंग के काम से बाहर रहता था। वाहन मालिक प्रेमसिंह ने बताया कि उनकी गाड़ियां रेलवे में अटैच हैं और हिम्मत पिछले करीब तीन साल से उनकी बुलेरो चला रहा था।

हिम्मत सिंह का स्थायी पता 346/सी जवाहर नगर रतलाम और वर्तमान पता बंगला नंबर 1686, रोड नंबर 8, ओल्ड रेलवे कालोनी रतलाम बताया गया है। जीआरपी थाना प्रभारी सोहनलाल पाटीदार, जीआरपी चौकी प्रभारी रामपाल इवने और एसएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल मौके पर पहुंचे। शिनाख्त होने के बाद हिम्मत की पत्नी, मां और अन्य स्वजन भी मौके पर पहुंचे। जीआरपी थाना प्रभारी सोहनलाल पाटीदार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जहरीला पदार्थ खाने की बात सामने आई है। कार से जहरीले पदार्थ के पाउच भी मिले हैं। मामले में मर्ग कायम कर सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है


Comments
Be the first to comment on this story.