Star India News
Sat, Oct 31, 2026
Advertisement
Leaderboard Banner

दीपावली पर इंदौर आना हुआ बेहद महंगा, धनतेरस पर ₹38 हजार के पार पहुंचा टिकट

इंदौर। दीपावली पर अपनों के साथ त्योहार मनाने इंदौर आने वालों ने यदि पहले से टिकट बुक नहीं कराया, तो इस बार जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी। पांच दिवसीय दीपोत्सव से पहले ही हवाई किरायों में उछाल आ गया है।…

दीपावली पर इंदौर आना हुआ बेहद महंगा, धनतेरस पर ₹38 हजार के पार पहुंचा टिकट

इंदौर। दीपावली पर अपनों के साथ त्योहार मनाने इंदौर आने वालों ने यदि पहले से टिकट बुक नहीं कराया, तो इस बार जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी। पांच दिवसीय दीपोत्सव से पहले ही हवाई किरायों में उछाल आ गया है। मुंबई, पुणे, बेंगलुरु, हैदराबाद और अहमदाबाद से इंदौर आने वाली उड़ानों का किराया सामान्य दिनों के मुकाबले 50 से 100 प्रतिशत तक बढ़ गया है। 6 नवंबर को धनतेरस और 7 नवंबर को भी किराये में तेजी दिखाई दे रही है। ट्रेनों में लंबी वेटिंग के कारण यात्रियों के सामने महंगे हवाई सफर या बसों का विकल्प ही बचेगा।


दरअसल, 6 से 11 नवंबर तक दीपोत्सव के दौरान यात्रियों की आवाजाही सर्वाधिक रहेगी। इसका असर अभी से हवाई किरायों पर दिखने लगा है। 5 नवंबर से ही कई शहरों से इंदौर आने वाली उड़ानों का फेयर बढ़ गया है। खास बात यह है कि इंदौर से बाहर जाने वाली उड़ानों के मुकाबले शहर में आने वाली उड़ानों का किराया ज्यादा है। त्योहार के नजदीक आने के साथ इसमें और बढ़ोतरी की आशंका है।
ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन आफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष हेमेंद्र सिंह जादौन का कहना है कि अन्य शहरों में नौकरी या अन्य कार्य करने वाले लोग दीपावली के समय ही इंदौर आते हैं। ऐसे में हवाई यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। इसका असर अभी से दीपावली के दौरान हवाई किराये में दिखाई दे रहा है। 

सामान्य दिनों में मुंबई से इंदौर आने का हवाई किराया करीब 6 हजार रुपये रहता है, जो दीपावली के दौरान 11 से 13 हजार रुपये तक पहुंच गया है। इसी तरह बेंगलुरु से आने का किराया 7,600 रुपये के आसपास से बढ़कर 14 से 16 हजार रुपये तक पहुंच गया है। हैदराबाद से इंदौर आने के लिए सामान्य दिनों में करीब 9 हजार रुपये खर्च करने पड़ते हैं, जबकि दीपावली के दौरान किराया 12 से 13 हजार रुपये हो गया है। अहमदाबाद से आने का किराया 6 हजार रुपये से बढ़कर 12 से 14 हजार रुपये और पुणे से आने का किराया 5,600 रुपये से बढ़कर 11 से 13 हजार रुपये तक पहुंच गया है। 

इंदौर की एकमात्र अंतरराष्ट्रीय उड़ान अबू धाबी से आने वालों को भी महंगा सफर करना पड़ेगा। सामान्य दिनों में इंदौर से अबू धाबी से आने का किराया करीब 18 हजार रुपये है, जबकि धनतेरस के आसपास अबू धाबी से इंदौर आने का किराया 38 हजार रुपये के पार पहुंच गया है। हालांकि जाने का किराया दीपावली के दौरान सामान्य दिनों की तरह ही है।त्योहार के दौरान मुंबई, पुणे सहित अन्य शहरों से इंदौर आने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। वहीं इंदौर से पटना, यूपी जाने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग है। यात्रियों ने एक महीने पहले ही टिकट बुक करा लिए थे। अब कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है।
ऐसे में महंगी उड़ानों से बचने के लिए यात्रियों का रुख बसों की ओर हो सकता है। यात्रियों की बढ़ती मांग के बीच बसों में भी दबाव बढ़ने की संभावना है। ऐसे में घर पहुंचकर दीपावली मनाने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए सफर का खर्च त्योहार के बजट पर भारी पड़ सकता है।
 

Share this story
Editorial Team
Editorial Team · Star India News

The editorial team at Star India News.

More from Editorial Team →

Comments

Be the first to comment on this story.