बैतूल। रात के समय घर का टॉयलेट इस्तेमाल करने से पहले एक नजर आसपास जरूर डाल लें। बैतूल के सोनाघाटी इलाके में रविवार देर रात एक घर के शौचालय में करीब 5 फीट लंबा कोबरा दिखाई देने से परिवार में हड़कंप मच गया।गनीमत रही कि समय रहते परिवार की नजर सांप पर पड़ गई और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। जानकारी के अनुसार सोनाघाटी निवासी व्यवसायी के.के. मालवीय के घर के टॉयलेट में अचानक जहरीला कोबरा दिखाई दिया। सांप को देखते ही परिवार के लोग घबरा गए और उन्होंने तत्काल टॉयलेट से दूरी बना ली। कुछ ही देर में आसपास के लोगों को भी इसकी जानकारी हो गई
परिवार के लोगों ने इसकी सूचना सर्पमित्र विशाल विश्वकर्मा को दी। वे मौके पर पहुंचे और परिवार के सदस्यों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी। इसके बाद उन्होंने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद सर्पमित्र ने करीब पांच फीट लंबे कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया। सांप के रेस्क्यू होने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली। इस दौरान आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए और घर के टॉयलेट में कोबरा मिलने की घटना चर्चा का विषय बन गई।सर्पमित्र विशाल विश्वकर्मा ने लोगों से अपील की कि घर में सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें।

रात में टॉयलेट, जूते-चप्पल, लकड़ी के ढेर और घर के अन्य अंधेरे हिस्सों का इस्तेमाल करने से पहले सावधानी बरतें। सांप दिखाई देने पर तत्काल प्रशिक्षित सर्पमित्र या वन विभाग को सूचना दें।रेस्क्यू के बाद कोबरा को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। घटना में किसी के घायल होने की जानकारी नहीं है।


Comments
Be the first to comment on this story.