भोपाल। गांधीनगर क्षेत्र में एयरपोर्ट रोड पर शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्राला अनियंत्रित होकर ब्रिज की सीमेंट की दीवार तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे सर्विस लेन पर जा गिरा। हादसे में चालक, हेल्पर और क्लीनर घायल हो गए। राहत की बात रही कि उस समय सर्विस लेन पर कोई वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। टीआइ सुनील चतुर्वेदी ने बताया कि ट्राला गांधीनगर की ओर से परवलिया की ओर 10 लेन सड़क निर्माण के लिए लोडर माल खाली कर चांदुखेड़ी स्थित प्लांट लौट रहा था।
एयरपोर्ट के सामने ब्रिज पर अचानक गाय आ जाने पर उसे बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्राला साइड वाल से जा टकराया। टक्कर के कारण सीमेंट की दीवार टूट गई और ट्राला करीब 20 फीट नीचे सर्विस लेन पर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, उसकी बाडी ब्रिज पर ही अटकी रह गई।

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ट्राले की स्थिति देखकर हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता था। जिस स्थान पर ट्राला गिरा, वहां सर्विस लेन से आमतौर पर वाहनों की आवाजाही रहती है। गनीमत रही कि उस वक्त रास्ता खाली था। चालक सहित तीनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Comments
Be the first to comment on this story.