सीहोर। जिले में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो सगे भाइयों ने अलग-अलग समय पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। मामले में पीड़िता ने परिजनों और बजरंग दल कार्यकर्ताओं के साथ महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार नाबालिग ने शिकायत में बताया कि पहले अरबाज नामक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद जब उसने आरोपी के बड़े भाई से इसकी शिकायत की, तो आरोप है कि बड़े भाई ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के संबंध में पीड़िता ने परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद उसे महिला थाना सीहोर लाया गया। परिजनों और बजरंग दल कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने नाबालिग के बयान और शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया, वहीं दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।


Comments
Be the first to comment on this story.