भारतीय खिलाड़ियों ने 11वीं बार पाकिस्तानियों से हाथ नहीं मिलाया:दीप्ति दुनिया की टॉप विकेट टेकर बनीं, हरमनप्रीत वर्ल्ड कप में भारत की नंबर-1 बैट

भारत ने विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप में अपने पहले मैच में पाकिस्तान को 64 रन से हराया। दीप्ति शर्मा ने सिर्फ 10 रन केर 5 विकेट लिए। अब वे विमेंस टी-20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं।
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर अब टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बैटर बन गई हैं। इससे पहले हरमन ने टॉस के समय पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना से हाथ नहीं मिलाया।
IND Vs PAK मैच के टॉप मोमेंट्स
1. पहलगाम अटैक के बाद 11वीं बार नो हैंडशेक
पाकिस्तान के खिलाफ पुरुष-महिला, जूनियर और सीनियर मिलाकर लगातार 11वें क्रिकेट मैच में भारत ने नो हैंडशेक का स्टैंड बरकरार रखा। पहलगाम आतंकी हमले और दोनों देशों के बीच तनाव के बाद भारतीय टीमों ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ न मिलाने का फैसला किया था।
- सितंबर 2025 : एशिया कप से इसकी शुरुआत हुई। इस टूर्नामेंट में तीन बार भारत-पाकिस्तान मैच हुआ तीनों में हाथ नहीं मिलाया गया।
- अक्टूबर 2025 : विमेंस वनडे वर्ल्ड कप के मुकाबले में भी नो हैंडशेक जारी रहा।
- नवंबर 2025 : मेंस राइजिंग स्टार्स एशिया कप में भी भारतीय टीम हाथ न मिलाने के स्टैंड पर कायम रही।
- दिसंबर 2025 : अंडर19 एशिया कप में दो भारत-पाकिस्तान मैच हुए। दोनों में नो हैंडशेक जारी रहा।
- फरवरी 2026 : हुए अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया गया।
- फरवरी 2026 : पुरुष टी-20 वर्ल्ड कप और अक्टूबर 2025 के महिला वनडे वर्ल्ड कप में भी यह परंपरा जारी रही।

2. शेफाली ने मैच की पहली गेंद पर छक्का लगाया
भारतीय ओपनर शेफाली वर्मा ने मैच की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया। शेफाली ने पाकिस्तान की गेंदबाज सादिया इकबाल की फुल लेंथ बॉल को बाउंड्री लाइन के बाहर भेज दिया। हालांकि, वे इसी ओवर में स्लिप को कैच भी दे बैठीं। उन्होंने महज 6 रन बनाए।

3. आलिया से स्मृति मंधाना का कैच छूटा
भारत की पारी के 8वें ओवर में ओपनर स्मृति मंधाना को जीवनदान मिला। 27 रन पर उनका कैच ड्रॉप हो गया। तस्मिया रुबाब ने पांचवी गेंद फुलर लेंथ पर डाली। मंधाना ने पीछे हटकर शॉट खेला, लेकिन बॉल मिसटाइम होकर हवा में चली गई। मिड ऑफ पर मौजूद आलिया ने पीछे दौड़ते हुए कैच पकड़ने की कोशिश की, लेकिन गेंद हाथ से छिटक गई।

4. श्रेयंका ने डाइव लगाकर कैच पकड़ा, शमीम आउट
पाकिस्तान की पारी के 15वें ओवर में श्रेयंका पाटिल ने बेहतरीन कैच पकड़ा। श्री चरणी ने ओवर की चौथी गेंद ऑफ-स्टंप से बाहर फ्लाइटेड डिलीवरी डाली। पाकिस्तानी बैटर रमीन शमीम ठीक से ड्राइव शॉट नहीं लगा पाईं। गेंद बैकवर्ड पॉइंट की तरफ तेजी से गई, जहां श्रेयंका ने अपनी दाईं ओर डाइव लगाकर दोनों हाथों से जबरदस्त कैच पकड़ा।

यहां से मैच के टॉप-9 रिकॉर्ड्स
1. दीप्ति विमेंस T20i में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज
दीप्ति टी-20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं। उन्होंने थाईलैंड की थिपाचा पुत्थावोंग पीछे छोड़ा। थिपाचा के नाम 165 विकेट दर्ज हैं। दीप्ति के अब 166 टी-20 इंटरनेशनल में विकेट हो गए हैं।



