डॉन 3 विवाद में ₹10 करोड़ और ₹25 करोड़ फीस में छूट ऑफर की थी:दावा- फरहान से रणवीर ने की थी सुलह की कोशिश

फिल्म डॉन 3 को लेकर रणवीर सिंह और एक्सेल एंटरटेनमेंट के बीच विवाद के बीच यह दावा किया गया कि मार्च 2026 में हुई एक मीटिंग में रणवीर की टीम ने एक्सेल को ₹10 करोड़ और भविष्य की फिल्मों के लिए ₹25 करोड़ की फीस में छूट का ऑफर दिया था, लेकिन प्रोडक्शन हाउस ने इसे मना कर दिया।
गौरतलब है कि सोमवार को FWICE ने रणवीर सिंह के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन नोटिस जारी किया है।
बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मार्च के पहले हफ्ते में एक बड़ी मीटिंग हुई थी, जिसमें आमिर खान, साजिद नाडियाडवाला, करण जौहर, फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी समेत कई जाने-माने लोग शामिल हुए थे। इसी मीटिंग में रणवीर सिंह की टीम ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के सामने समझौते का प्रस्ताव रखा।
सूत्र के मुताबिक, रणवीर की टीम ने एक्सेल को तुरंत ₹10 करोड़ का ऑफर दिया। यह भी कहा गया कि अगर दोनों भविष्य में फिर से किसी फिल्म में साथ काम करते हैं, तो रणवीर अपनी फीस पर ₹25 करोड़ का डिस्काउंट देंगे।

दावा- फरहान और रितेश ने ऑफर ठुकरा दिया
रणवीर की टीम का इरादा एक्सेल को उनके नुकसान की भरपाई करना और अपने रिश्ते बनाए रखना था। हालांकि, फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी इस प्रपोजल से खुश नहीं थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, उनका मानना था कि भविष्य में रणवीर के साथ काम करने का उनका कोई प्लान नहीं है, इसलिए फीस में छूट का ऑफर उनके लिए काम का नहीं था।
सूत्र के मुताबिक, फरहान और रितेश पिछले दो सालों में हुई देरी और विवाद से काफी नाराज थे। उनका कहना था कि इससे उन्हें फाइनेंशियल और प्रोफेशनल दोनों तरह का नुकसान हुआ है। इसलिए वे सिर्फ तुरंत नकद मुआवजा चाहते थे।



