उत्तर प्रदेश

यूपी में देवरिया, मऊ, गोरखपुर और महाराजगंज में बारिश हुई:गोदाम में रखा 100 क्विंटल गेहूं भीगा; 44 जिलों में आंधी-बरसात का अलर्ट

यूपी में बुधवार को देवरिया, मऊ, गोरखपुर और महाराजगंज में बारिश हुई। वहीं, बुंदेलखंड में मौसम बिगड़ा हुआ नजर आया। यहां ज्यादातर जिलों में बादल छाए रहे और तेज हवाएं चलती रहीं।

इससे पहले, मंगलवार देर रात पश्चिमी यूपी के गाजियाबाद और नोएडा में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। ओले भी गिरे। पूर्वी यूपी में प्रयागराज, गाजीपुर और मिर्जापुर में बारिश हुई। गाजीपुर में गोदाम में रखा 100 क्विंटल गेहूं भीग गया।

बता दें कि प्रदेश में पिछले 6 दिनों से आंधी-बारिश का सिलसिला जारी है। इससे अधिकतम तापमान 40°C से नीचे आ गया है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और पहाड़ों पर बर्फबारी की वजह से यूपी में मौसम बदला है। गुरुवार को 44 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है।

पिछले 24 घंटे की बात करें तो लखनऊ-आगरा समेत 45 शहरों में जोरदार बारिश हुई। हमीरपुर-चित्रकूट में 70kmph से तूफान आया। कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए। हमीरपुर में खेत से लौट रही महिला पर टीन शेड गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। दीवार ढहने से कार-बाइक चकनाचूर हो गईं।

बाराबंकी में सबसे अधिक 72 मिमी. बारिश हुई। सिद्धार्थनगर में 66 मिमी, अंबेडकरनगर में 42 मिमी और गोरखपुर में 41.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम की तस्वीरें-

तस्वीर गाजीपुर की है। यहां बारिश में क्रय केंद्रों पर रखी गेहूं की फसल भीग गई।

गाजियाबाद में आंधी के साथ बारिश हुई। लोनी क्षेत्र में ओले गिरे। लोगों को गर्मी से राहत मिली।

नोएडा में मंगलवार देर रात तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। पारा 40 डिग्री के नीचे आ गया।

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया-

QuoteImage

उत्तर भारत के ऊपर सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से बादल बन रहे हैं। बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी भरी हवाएं और पश्चिम से आने वाली सूखी हवाएं आपस में टकराकर वातावरण को अस्थिर बना रही हैं। मई महीने में यह स्थिति आम होती है। फिलहाल10 मई तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।

QuoteImage

अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम ?

  • 7 मई: पूरे प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। ओले गिरने की भी संभावना है।
  • 8 मई: पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहेगा। पूर्वी यूपी में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी। आंधी चलेगी।
  • 9 मई: पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहेगा। पूर्वी यूपी में बारिश की संभावना बन रही है। तेज हवाएं चलेंगीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button