विदेश

ईरान के सीनियर अधिकारी मोहसिन रजाई ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि होर्मुज स्ट्रेट को अमेरिकी सेना की कब्रगाह बना दिया जाएगा

ईरान के सीनियर अधिकारी मोहसिन रजाई ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि होर्मुज स्ट्रेट को अमेरिकी सेना की कब्रगाह बना दिया जाएगा। मोहसिन रजाई पहले ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) में कमांडर रह चुके हैं।

उन्होंने अमेरिकी सेना को समुद्री लुटेरा (पाइरेट) बताते हुए कहा कि अमेरिका दुनिया का इकलौता ऐसा पाइरेट है जिसके पास एयरक्राफ्ट कैरियर हैं।

रजाई ने पिछले महीने इस्फहान में एक अमेरिकी F-15E विमान गिराए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि जैसे उस विमान का मलबा पड़ा था, वैसे ही अमेरिकी जहाजों और सैनिकों का भी अंजाम हो सकता है।

वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने चेतावनी दी है कि ईरान ने कोई गलती की, तो उस पर फिर से हमले हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका फिलहाल मजबूत स्थिति में है, जबकि तेहरान दबाव में है और समझौता करना चाहता है।

इसके अलावा ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर बताया कि पाकिस्तान की मध्यस्थता में ईरान की ओर से 14-पॉइंट का प्रस्ताव मिला है, जिसके डिटेल ड्राफ्ट का इंतजार है। इस नए प्रस्ताव का हम रीव्यू भी कर रहे है।

ईरान ने 3 अप्रैल को इस्फहान प्रांत में अमेरिका का F-15E फाइटर जेट गिरा दिया था, जिसकी तस्वीर 5 अप्रैल को जारी की गई थी।

ईरान के 14-पॉइंट प्रस्ताव में कई मुद्दे शामिल

ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह 14-पॉइंट का प्रस्ताव अमेरिका के 9-पॉइंट प्लान के जवाब में भेजा गया है।

इसमें 30 दिनों के भीतर सभी मुद्दों के समाधान, भविष्य में हमलों के खिलाफ गारंटी, क्षेत्र से अमेरिकी सैनिकों की वापसी, फ्रीज किए गए ईरानी एसेट्स को रिलीज करने, प्रतिबंध हटाने और युद्ध के मुआवजे की मांग शामिल है।

इसके अलावा प्रस्ताव में होर्मुज स्ट्रेट को लेकर नया मैकेनिज्म बनाने, अमेरिकी नेवल नाकेबंदी खत्म करने और क्षेत्रीय संघर्षों को समाप्त करने की बात भी कही गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, समझौते के बाद परमाणु कार्यक्रम पर अलग से बातचीत का प्रस्ताव भी रखा गया है।
ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने 25 अप्रैल को अपने पाकिस्तान दौरे के दौरान प्रधानमंत्री शहबाज शरिफ से मुलाकात की। पाकिस्तान की मध्यस्थता में ईरान ने 14-पॉइंट प्रस्ताव पेश किया है।

पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स…

  1. फिर जंग का खतरा- ईरान के अधिकारी मोहम्मद जाफर असदी ने चेतावनी दी कि अमेरिका से फिर से युद्ध हो सकता है, ईरानी सेना इसके लिए तैयार है।
  2. 48 जहाजों ने रास्ता बदला- अमेरिका ने दावा किया कि पिछले 20 दिनों में 48 जहाजों ने उसके दबाव में ईरान के बंदरगाहों से हटाकर दूसरी दिशा में अपना रास्ता बदला है।
  3. होर्मुज खोलने का प्रस्ताव- ईरान के एक सीनियर अधिकारी ने पुष्टि की है कि उनके नए प्रस्ताव में पहले होर्मुज खोलने और अमेरिकी नाकेबंदी खत्म करने की बात है, जबकि परमाणु मुद्दे पर बातचीत बाद में की जाएगी।
  4. 16 अमेरिकी ठिकाने डैमेज- CNN की एक जांच रिपोर्ट के मुताबिक, जंग के दौरान ईरान ने मिडिल ईस्ट के 8 देशों में 16 अमेरिकी ठिकानों को नुकसान पहुंचाया है। इनमें से कई इस्तेमाल के लायक नहीं बचे।
  5. क्यूबा पर कब्जा- ट्रम्प ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका तुरंत क्यूबा पर कब्जा कर सकता है। अगर ऐसा कुछ होता है, तो यह ईरान के साथ चल रही जंग के बाद हो सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button