भारतीयों ने हज की व्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी:4 लाख खर्च, फिर भी बदइंतजामी; हाजी इमरान हारून बोले- निष्पक्ष जांच जरूरी

हज यात्रा से पहले ही मक्का में भारतीय हाजियों की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल एक वीडियो में हाजियों ने ठहरने, साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर नाराजगी जताई है।
इसे लेकर मध्य प्रदेश सर्वधर्म सद्भावना मंच के सचिव हाजी मोहम्मद इमरान हारून ने केंद्रीय हज कमेटी से तत्काल संज्ञान लेकर वीडियो की सत्यता की जांच कराने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि हर साल बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक हज के लिए जाते हैं। पिछले कुछ वर्षों से व्यवस्थाओं को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं।
इस बार भी मक्का के अज़ीज़िया क्षेत्र से जो वीडियो सामने आया है, उसमें हालात चिंताजनक नजर आ रहे हैं।

एक कमरे में कई लोगों को ठहराया
वायरल वीडियो में हाजी कमरों की स्थिति दिखाते रहे हैं। वे कह रहे हैं कि उन्हें बेहद खराब हालात में रखा है। एक कमरे में कई लोगों को ठहराया है। वॉशरूम गंदे हैं, जिसका गंदा पानी कमरों तक पहुंच रहा है। लिफ्ट भी काम नहीं कर रही है।
हाजियों ने आरोप लगाया कि लाखों रुपए खर्च करने के बावजूद उन्हें बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। शिकायत के मुताबिक अज़ीज़िया स्थित एक हॉस्टल में एक कमरे में 16 लोगों को ठहराया गया था। परिवारों को अलग-अलग रखा गया। एक ही वॉशरूम का उपयोग कई लोग कर रहे हैं। साफ-सफाई की स्थिति भी बेहद खराब है।
![]()

केंद्रीय हज कमेटी से कार्रवाई की मांग
हाजी इमरान हारून ने कहा कि यह मामला भारतीय हाजियों से जुड़ा है, इसलिए इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने मांग की कि केंद्रीय हज कमेटी तुरंत टीम भेजकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कराए और जहां कमी हो, उसे तुरंत दुरुस्त किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि हज में अभी लगभग एक महीना बाकी है, ऐसे में अगर अभी से हालात खराब हैं तो आगे और परेशानी बढ़ सकती है, इसलिए समय रहते सुधारात्मक कदम उठाना बेहद जरूरी है।
सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर
हारून ने कहा कि हाजियों से लाखों रुपए लिए जाते हैं, यहां तक कि अतिरिक्त राशि भी मांगी गई है, इसके बावजूद अगर ऐसी शिकायतें आ रही हैं तो यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने मांग की कि सभी राज्यों से गए हाजियों को समान और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उन्हें किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।



