अमेरिका और ईरान होर्मुज को खोलने के लिए तैयार हो गए:दोनों 60 दिन के लिए सीजफायर बढ़ा सकते हैं, परमाणु कार्यक्रम पर भी बातचीत करेंगे

अमेरिका और ईरान होर्मुज को खोलने के लिए तैयार हो गए हैं। फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक दोनों देश सबसे पहले सीजफायर को 60 दिन के लिए और आगे बढ़ाएंगे। इस दौरान होर्मुज को धीरे-धीरे खोला जा सकता है। FT ने यह जानकारी मध्यस्थों और बातचीत से जुड़े लोगों के हवाले से दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक दोनों के बीच एनरिच्ड यूरेनियम भंडार को लेकर भी बातचीत शुरू होने की संभावना है। इसके साथ ही ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर आगे की बातचीत के लिए बुनियादी ढांचा भी तैयार किया जाएगा।
होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल व्यापार मार्गों में से एक माना जाता है। यहां तनाव बढ़ने से वैश्विक तेल बाजार, शिपिंग और सप्लाई चेन पर बड़ा असर पड़ा था। ऐसे में अगर स्ट्रेट फिर सामान्य रूप से खुलता है तो इससे अंतरराष्ट्रीय बाजारों को राहत मिल सकती है।
वहीं, ईरान का अत्यधिक संवर्धित यूरेनियम भंडार लंबे समय से अमेरिका और पश्चिमी देशों की सबसे बड़ी चिंता रहा है। अमेरिका का आरोप है कि ईरान परमाणु हथियार बनाने की क्षमता के करीब पहुंच रहा है, जबकि तेहरान लगातार कहता रहा है कि उसका परमाणु कार्यक्रम सिर्फ नागरिक और ऊर्जा जरूरतों के लिए है।

पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स…
- ईरान पर फिर हमला कर सकता है अमेरिका- ट्रम्प अपने वीकेंड गोल्फ कार्यक्रम रद्द कर अचानक व्हाइट हाउस लौट आए हैं। इसके बाद अमेरिका और ईरान के बीच तनाव को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
- 27 देशों ने वर्ल्ड बैंक से मदद मांगी- ईरान जंग शुरू होने के बाद अब तक 27 देशों ने मदद के लिए वर्ल्ड बैंक से गुहार लगाई है। इन देशों का कहना है कि ईरान संकट की वजह से उनकी अर्थव्यवस्था पर गंभीर असर पड़ा है। हालांकि दस्तावेज में इन देशों के नाम का खुलासा नहीं किया गया है।
- होर्मुज खोलने के लिए फ्रांस का प्रस्ताव- फ्रांस ने होर्मुज स्ट्रेट खोलने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अंतरराष्ट्रीय समुद्री मिशन तैनात करने का नया प्रस्ताव तैयार किया है।
- पाकिस्तान सेना प्रमुख ईरान में- पाकिस्तान सेना प्रमुख आसिम मुनीर तेहरान पहुंचे, जहां अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम कराने और समझौते पर चर्चा हुई।
- कतर की टीम तेहरान पहुंची- रॉयटर्स के मुताबिक, युद्ध खत्म कराने और बाकी विवाद सुलझाने के लिए कतर की एक टीम शुक्रवार को तेहरान पहुंची है।



