मनोरंजन

पंजाबी और बॉलीवुड सिंगर दिलजीत दोसांझ ऑरा वर्ल्ड टूर के दौरान अमेरिका के कैलगरी में शो में खालिस्तानियों पर भड़क गए, बोले- भागो वर्ना उठाकर बाहर मारूंगा

पंजाबी और बॉलीवुड सिंगर दिलजीत दोसांझ ऑरा वर्ल्ड टूर के दौरान अमेरिका के कैलगरी में शो में खालिस्तानियों पर भड़क गए। दिलजीत ने पोस्टर दिखा रहे खालिस्तानी समर्थकों को स्टेज से ही जवाब दिया। अपने किसी शो में दिलजीत पहली बार इतने गुस्से में दिखे।

दिलजीत ने सिद्धू मूसेवाला स्टाइल में अपनी जांघ पर थापी देते हुए कहा कि जिसने आना है मैदान में आ जाए। मैं उठाकर बाहर फेंकूंगा। उन्होंने कहा कि ये जो विरोध कर रहे हैं इन्होंने पंजाब के लिए क्या किया। हमारा काम नहीं था फिर भी पंजाब में आई बाढ़ में लोगों की मदद की। उनके घर बनाए।

बिना नाम लिए एक शो (KBC) का जिक्र करते हुए दिलजीत ने कहा कि हमारे लोगों की आवाज नेशनल मीडिया तक नहीं पहुंची थी। इसलिए वे शो में गए थे, वहां जाकर अपनी या फिल्म की प्रोमोशन नहीं की बल्कि पंजाब के भले के लिए ही फंड इकट्ठा किया।

बता दें कि इन दिनों दिलजीत अमेरिका के टूर पर हैं। दिलजीत ने जिम्मी के शो का भी जिक्र करते हुए कहा कि मुझे क्या जरूरत थी यहां भी जिम्मी के शो में जाने की। मैंने वहां भी पंजाब की बात की। कामागाटामारू घटना का जिक्र किया।

दिलजीत ने कहा कि कोई राजनीतिक कारणों से उनका विरोध कर रहा है, तो उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।

दिलजीत ने चलते शो में कहीं अहम बातें…

  • हर प्लेटफॉर्म पर करता हूं पंजाब की बात: 30 अप्रैल को शो के दौरान दिलजीत ने कहा कि वह जिस भी प्लेटफॉर्म पर जाते हैं, चाहे वह राष्ट्रीय हो या अंतरराष्ट्रीय, वे हमेशा पंजाब की बात करते हैं। टीवी चैनलों पर जाकर अपनी किसी फिल्म या गानों का प्रचार नहीं किया, बल्कि केवल पंजाब के मुद्दों को उठाने के लिए वहां गए। दिलजीत ने बताया कि वह बाढ़ पीड़ितों की मदद करने के लिए 6 महीने तक जमीन पर रहे और इसके लिए उन्होंने अपना ऑस्ट्रेलिया का टूर तक मिस कर दिया।
  • विरोध करना है तो शौक से करें: दिलजीत ने कहा कि जब उन्हें नेशनल मीडिया ने मौका दिया कि वे पंजाब की बात रखेंगे तभी वे वहां गए ताकि पूरे भारत के लोगों तक अपनी बात पहुंचा सकें। दिलजीत ने कड़े शब्दों में कहा कि अगर पंजाब की बात करने के कारण कोई उनका विरोध करना चाहता है, तो वे शौक से करें। वे इसके लिए तैयार हैं।
  • रोज झंडे दिखाएं, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता: दिलजीत ने कहा कि अगर कोई उनके पंजाब प्रेम के कारण उन्हें झंडे दिखाना चाहता है, तो वे रोज दिखाएं। उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने यह भी साफ किया कि उनके कॉन्सर्ट में बुजुर्ग और बच्चे भी आते हैं। अगर कोई वहां आकर माहौल खराब करेगा या हंगामा करेगा, तो उसे तुरंत बाहर निकाल दिया जाएगा।
  • शो में विरोध बर्दाश्त नहीं करूंगा: सरे में शो के दौरान हुए हंगामे का जिक्र करते हुए दिलजीत ने साफ कर दिया कि वे वेन्यू पर किसी भी तरह की अनुशासनहीनता या बाधा को बर्दाश्त नहीं करेंगे। उनका काम किसी को खुश करना नहीं, बल्कि अपने लोगों की सेवा करना है।

दिलजीत ने कहा कि मेरा काम अपने लोगों की सेवा करना है।

मंत्री बिट्टू बोले- मैंने कई साल पहले ही चेतावनी थी

उधर, मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने X हैंडल पर पोस्ट कर लिखा- दिलजीत दोसांझ, मैंने आपको कई साल पहले ही चेतावनी दी थी। इन खालिस्तानी लोगों की फितरत कभी नहीं बदलती। इनका कोई धर्म नहीं होता, इनके लिए सब कुछ सिर्फ पैसों का खेल है।

इन्होंने हमेशा म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री को नुकसान पहुंचाया है, चाहे वो विरिंदर की हत्या हो, गुरदास मान की छवि खराब करना हो, और अब आपको निशाना बनाना। लेकिन कुछ बातें इंसान को खुद अनुभव करने के बाद ही समझ आती हैं।

दिलजीत को लेकर पहले भी कंट्रोवर्सी हुई…

1. अमिताभ बच्चन के पैर छूने पर विवाद: साल 2025 का सबसे बड़ा विवाद तब शुरू हुआ जब दिलजीत दोसांझ ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) के सेट पर पहुंचे। यहां उन्होंने अमिताभ बच्चन के पैर छुए व उनका आशीर्वाद लिया। आतंकी संगठन ‘सिख फॉर जस्टिस’ (SFJ) और गुरपतवंत सिंह पन्नू ने इसकी कड़ी निंदा की। आरोप लगाया कि दिलजीत उन लोगों का सम्मान कर रहे हैं, जिनका नाम 1984 के सिख दंगों के दौरान विवादों में आया था। इसके बाद से ही पन्नू ने दिलजीत को ‘टारगेट’ करना शुरू किया।

2. ‘भारत का पोस्टर बॉय’ होने का आरोप: 2025 के टूर के दौरान कई कट्टरपंथी संगठनों ने सोशल मीडिया पर दिलजीत के खिलाफ मुहिम चलाई। उन्हें “भारत सरकार का एजेंट” और “बीजेपी-आरएसएस का समर्थक” कहा गया। संगठनों का आरोप था कि दिलजीत अपनी लोकप्रियता का इस्तेमाल विदेशों में भारत सरकार की छवि सुधारने व सिख समुदाय के बीच केंद्र सरकार की पैठ बनाने के लिए कर रहे हैं।

3. तिरंगे और राष्ट्रवाद को लेकर विवाद: पिछले टूर के कुछ शो के दौरान दिलजीत ने गर्व के साथ भारतीय तिरंगा लहराया और गर्व जताया। खालिस्तान समर्थकों ने इसे “सिख विरोधी” कृत्य करार देने की कोशिश की। उन्होंने तर्क दिया कि दिलजीत को केवल पंजाबी पहचान को प्रमोट करना चाहिए, न कि भारतीय राष्ट्रवाद को।

4. सिडनी और मेलबर्न शो के दौरान नारेबाजी: 2025 के अंत में जब दिलजीत ऑस्ट्रेलिया में परफॉर्म कर रहे थे, तब स्टेडियम के बाहर कुछ लोगों ने खालिस्तानी झंडे लेकर प्रदर्शन किया था।

5. सोशल मीडिया वॉर और धमकियां: दुनिया के कई बड़े देशों में हो रहे ‘ऑरा’ टूर के दौरान पन्नू ने कई वीडियो जारी किए। इन वीडियो में दिलजीत को चेतावनी दी गई कि वे “भारत के एजेंडे” को आगे बढ़ाना बंद करें, वरना उनके ग्लोबल शो में खलल डाला जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button