खेल

BCCI ने विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय महिला टीम का ऐलान कर दिया:वनडे वर्ल्डकप जिताने वाली हरमनप्रीत कप्तान, उस टीम की 11 खिलाड़ी शामिल

BCCI ने विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय महिला टीम का ऐलान कर दिया है। पिछले साल वनडे वर्ल्डकप जिताने वालीं कप्तान हरमनप्रीत कौर को ही टीम की कप्तानी सौंपी गई है, जबकि स्मृति मंधाना को ही वाइस कैप्टन बनाया गया है।

शनिवार को जारी इस टीम में पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली 11 खिलाड़ियों को जगह मिली है। पंजाब की नंदनी शर्मा को पहली बार वर्ल्ड कप में चुना गया है।

टी-20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 12 जून से इंग्लैंड में होगी। भारत अपने अभियान की शुरुआत पाकिस्तान के खिलाफ 14 जून को बर्मिंघम में करेगा।

सिलेक्शन कमेटी की बैठक में टी-20 कप्तान हरमनप्रीत कौर, कोच अमोल मजूमदार, चयन समिति की अध्यक्ष अमिता शर्मा और BCCI सचिव देवजीत सैकिया मौजूद रहे।।

टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, श्री चरणी, यस्तिका भाटिया, नंदनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह ठाकुर, श्रेयांका पाटिल और राधा यादव।

मंधाना-शेफाली ओपनर, नंदनी पहला वर्ल्डकप खेलेंगी

भारतीय टीम में स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा को बतौर ओपनर जगह मिली है। तीसरे नंबर पर जेमिमा रोड्रिंग्स का नाम है। नंदनी शर्मा को पहली बार वर्ल्डकप टीम में जगह मिली है।

कप्तान हमरनप्रीत कौर टी-20 वर्ल्ड कप में चौथे नंबर पर अहम भूमिका निभाएंगी। ऋचा घोष को विकेटकीपर चुना है। वे डेथ ओवर्स में बड़े शॉट लगाने में माहिर हैं। यास्तिका को बैकअप विकेटकीपर और ओपनर चुना गया है।

रेणुका को पेस अटैक की जिम्मेदारी

अनुभवी तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर को पेस अटैक की जिम्मेदारी दी गई है। क्रांति गौड़ और अरुंधति रेड्डी उनका साथ देंगी। वहीं, स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को स्पिनर डिपार्टमेंट की जिम्मेदारी मिली है। श्रेयांका पाटिल और एन श्रीचरणी भी अहम भूमिका निभएंगी।

दोनों ग्रुप से टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल खेलेंगी

टूर्नामेंट में 12 टीमें हिस्सा लेंगी। ICC ने 12 टीमों को 6-6 टीमों के 2 ग्रुप में बांटा है। इन दोनों ग्रुप की टॉप पर रहने वाली दो-दो टीमें सेमीफाइनल में क्वॉलिफाई करेंगी। भारत को ग्रुप ए में पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका, बांग्लादेश और नीदरलैंड के साथ रखा गया है।

ऑस्ट्रेलिया सबसे सफल टीम रही

विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में ऑस्ट्रेलिया सबसे सफल टीम रही है। ऑस्ट्रेलिया ने अब तक रिकॉर्ड छह बार खिताब अपने नाम किया है और कई बार फाइनल तक पहुंचकर अपनी बादशाहत साबित की है। इसके अलावा इंग्लैंड ने 2009 में पहला एडिशन जीतकर इतिहास रचा, जबकि वेस्टइंडीज ने 2016 में खिताब जीता था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button