मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ली;भोपाल, सीहोर समेत कई जिलों में बारिश:22 जिलों में लू का अलर्ट, स्कूलों में छुट्टी; 3 दिन गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है। रविवार शाम करीब 4 बजे महू में तेज बारिश हुई, जबकि भोपाल के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। रतलाम और सीहोर में तेज बरसात हुई। इससे गर्मी से थोड़ी राहत मिली है।
प्रदेश में एक ओर जहां बारिश हुई, वहीं दूसरी ओर 22 जिलों में लू (हीटवेव) का अलर्ट जारी है। ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, रायसेन, नर्मदापुरम, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, धार और अलीराजपुर में गर्म हवाएं चलने की चेतावनी है।
मौसम विभाग के अनुसार, 27 अप्रैल से अगले 3 दिनों तक प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं।
भीषण गर्मी को देखते हुए भोपाल में 8वीं तक के सभी स्कूल 30 अप्रैल तक बंद कर दिए गए हैं। इंदौर में भी 27 से 30 अप्रैल तक आंगनवाड़ी और 8वीं तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगी। ग्वालियर और उज्जैन में भी 8वीं तक छुट्टी घोषित की गई है।
प्रदेश में बारिश की तस्वीरें



खजुराहो सबसे गर्म इससे पहले शनिवार को प्रदेश में तेज गर्मी का असर देखने को मिला। छतरपुर जिले का खजुराहो सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री दर्ज किया गया। रतलाम में 44.5 डिग्री, दतिया-धार में 44.1 डिग्री, नौगांव-श्योपुर में 44 डिग्री और कई शहरों में पारा 43 डिग्री के पार पहुंच गया। बड़े शहरों में ग्वालियर-उज्जैन में 43 डिग्री, भोपाल में 42.4 डिग्री, इंदौर में 42.2 डिग्री और जबलपुर में 42.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
भोपाल में 30% तक बढ़ी डिमांड भोपाल में एयर कंडिशनर और कूलर की डिमांड 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ी है। इलेक्ट्रॉनिक शॉप संचालक सिद्धार्थ नाहर ने बताया कि एयर कंडिशनर, कूलर और फ्रीज की कीमतें में मामूली इजाफा हुआ है। हालांकि, नए मॉडल के एसी बाजार में मौजूद है। जिसमें कम बिजली खर्च होती है।

गर्मी के बीच मंदसौर में बारिश शनिवार को तेज गर्मी के बीच मंदसौर में बारिश भी हुई। IMD (मौसम केंद्र) भोपाल के अनुसार, प्रदेश के ऊपर तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवात) एक्टिव है। वहीं, एक टर्फ भी गुजर रही है। इस वजह से कुछ हिस्सों में मौसम बदला रहा।
अप्रैल के आखिरी में बारिश के आसार मौसम विभाग की मानें तो अप्रैल के आखिरी में बारिश के भी आसार हैं। मौसम विभाग ने 28 और 29 अप्रैल को ग्वालियर, चंबल, जबलपुर और सागर संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान जताया है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से ऐसा होगा।
गर्मी से बचने के लिए एडवायजरी गर्मी का असर बढ़ते ही मौसम विभाग ने बचाव की एडवायजरी भी जारी की है। लोगों से कहा गया है कि वे दिनभर पर्याप्त पानी पीएं और शरीर को हाइड्रेट रखें। दोपहर के समय लंबे समय तक धूप में न रहें। हल्के वजन और रंग के सूती कपड़े पहनें। बच्चे और बुजुर्ग खासतौर पर ध्यान रखें।


