5 साल बाद झारखंड को मिला नया लोकायुक्त:लोकभवन में अमिताभ कुमार गुप्ता ने ली शपथ, जून 2021 से खाली था पद

रांची स्थित लोक भवन के दरबार हॉल में झारखंड को नया लोकायुक्त मिला। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने झारखंड हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश अमिताभ कुमार गुप्ता को लोकायुक्त पद की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित मंत्रिमंडल के सदस्य, वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।’

समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई और समापन भी राष्ट्रगान के साथ हुआ। करीब दस मिनट के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गईं। शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने नए लोकायुक्त को पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं।
मुख्य सचिव ने पढ़ा नियुक्ति वारंट
अमिताभ कुमार गुप्ता ने पद की शपथ लेते हुए कहा कि वे कानून के दायरे में रहकर बिना किसी भय, पक्षपात या द्वेष के अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। समारोह में मंत्री राधाकृष्ण किशोर, दीपिका पांडेय सिंह, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, रांची की मेयर रौशनी खलखो और डीजीपी तदाशा मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
राज्य में जून 2021 से खाली था पद
झारखंड में लोकायुक्त का पद जून 2021 से खाली पड़ा था। लगभग पांच साल बाद इस महत्वपूर्ण संवैधानिक पद पर नियुक्ति होने से राज्य में प्रशासनिक पारदर्शिता को लेकर नई उम्मीद जगी है। सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को मजबूती मिलने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि अब भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की जांच में तेजी आएगी।

आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सकेगी। लंबे समय से लंबित शिकायतों के निष्पादन की प्रक्रिया भी तेज होगी। नए लोकायुक्त की नियुक्ति को राज्य में सुशासन और जवाबदेही की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है, जिससे आम जनता को भी राहत मिलने की उम्मीद है।



