राजस्थान-एमपी में पारा 42°C के पार:यूपी में 44°C के साथ बांदा सबसे गर्म; महाराष्ट्र के वर्धा में स्कूल बंद, छत्तीसगढ़ में छुट्टियों के आदेश

राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश , छत्तीसगढ़, दिल्ली, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में पिछले दो दिन से पारा 40°C से 44°C के बीच बना हुआ है।
बुधवार को राजस्थान के बाड़मेर में 42.8°C, मध्य प्रदेश के नौगांव में 42°C, उत्तर प्रदेश के बांदा में 44°C, महाराष्ट्र के अकोला में 44.2°C, छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में 43°C और आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में 43.4°C दर्ज हुआ।
गर्मी के चलते मध्य प्रदेश के बुरहानपुर, हरदा, रतलाम में स्कूलों का समय बदल दिया गया है। महाराष्ट्र के वर्धा में गुरुवार को सभी स्कूल बंद रखने के निर्देश हैं। छत्तीसगढ़ में 20 अप्रैल के बाद स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक अचानक गर्मी बढ़ने का सबसे बड़ा कारण पश्चिमी विक्षोभ का कमजोर पड़ना है। ऐसा मौसम 20 अप्रैल तक रहेगा, जिसके कारण पश्चिमी, मध्य और दक्षिण भारत में भीषण गर्मी पड़ेगी।


अरुणाचल में आंधी-बारिश, हिमाचल-उत्तराखंड में बर्फबारी
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गंगा से सटे बंगाल और नगालैंड में आज बिजली गिरने के साथ आंधी-बारिश होने का अनुमान है।
जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी, पंजाब और हरियाणा में बारिश हो सकती है। जम्मू और कश्मीर के कुछ हिस्सों में ओले भी गिर सकते हैं।
अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम
17 अप्रैल:
- मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में लू चलेगी, जबकि पश्चिमी राजस्थान और झारखंड में भी हीटवेव की शुरुआत हो सकती है।
- पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में हल्की से बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में बर्फबारी के साथ ओले गिरने की संभावना है। पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
18 अप्रैल:
- छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना और कर्नाटक में हीटवेव की चेतावनी है। गुजरात, केरल, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा।
- अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश की संभावना है।



