देश
देश के उत्तर, मध्य और पश्चिमी राज्यों में तापमान बढ़ने लगा, 6 राज्यों में पारा 40°C के पार:15 अप्रैल से हीटवेव का अलर्ट; सिक्किम और अरुणाचल में तेज बारिश हो सकती है

देश के उत्तर, मध्य और पश्चिमी राज्यों में तापमान बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो हफ्तों तक कोई नया सिस्टम एक्टिव नहीं होगा। इससे गर्मी तेजी से बढ़ेगी। हालांकि गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश में पारा 40°C के पार पहुंच गया है।
इधर, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में आज तेज बारिश का अलर्ट है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो सकती है। दिल्ली में सोमवार को मौसम साफ रहा। अधिकतम तापमान 36°C के आसपास दर्ज किया गया।


अगले दो दिन के मौसम का हाल
- 15 अप्रैल: उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड में गर्मी बढ़ेगी। मध्य प्रदेश में तापमान 3-5°C तक बढ़ सकता है। पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिम बंगाल में भी हल्की बारिश की संभावना है।
- 16 अप्रैल: उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में गर्मी का असर बना रहेगा और मौसम सूखा रहेगा। असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के साथ पश्चिम बंगाल में बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी। कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।



