संत की शिष्यों को सीख:सच्चा प्रेम और सच्ची भक्ति दोनों ही निस्वार्थ होने चाहिए, जहां स्वार्थ आ जाता है, वहां प्रेम की पवित्रता नहीं रहती

एक लोक कथा है। एक संत अपने शिष्यों के साथ गांव-गांव घूमकर लोगों को धर्म-कर्म करने के लिए प्रेरित करते थे। उनका जीवन सरल था और उनका उद्देश्य केवल इतना था कि लोग जीवन में सच्चाई, प्रेम और भक्ति को अपनाएं।
एक दिन संत शिष्यों के साथ एक छोटे से गांव में पहुंचे और वहीं कुछ दिनों के लिए ठहर गए। संत के भक्तों ने उनके लिए एक छोटी-सी कुटिया बना दी, जो संयोग से गांव की एक ग्वालिन के घर के सामने ही थी।
ग्वालिन अपनी ईमानदारी के लिए पूरे गांव में प्रसिद्ध थी। वह हर ग्राहक को दूध और घी पूरी ईमानदारी से तोलकर देती थी। कोई भी ग्राहक उसके व्यवहार से असंतुष्ट नहीं था, लेकिन संत ने एक अजीब बात देखी, जब भी गांव का एक विशेष युवक उसके पास आता, तो वह उसे बिना तोले ही दूध और घी दे देती थी।
संत को यह देखकर आश्चर्य हुआ। उन्होंने सोचा कि जो स्त्री सभी के साथ इतना न्याय करती है, वह इस युवक के साथ ऐसा अलग व्यवहार क्यों कर रही है? उन्होंने गांववालों से इस बारे में पूछा। तब उन्हें पता चला कि ग्वालिन उस युवक से प्रेम करती है। इसी कारण वह उसके साथ किसी प्रकार का हिसाब-किताब नहीं रखती। उसके लिए वह लेन-देन नहीं, बल्कि भावनाओं का संबंध था।
संत ने यह बात अपने शिष्यों को भी बताई और इस घटना से जीवन प्रबंधन का महत्वपूर्ण सूत्र भी समझाया। उन्होंने कहा, “देखो, यह साधारण ग्वालिन अपने प्रेम में कोई हिसाब नहीं रखती। वह नाप-तोल भूल जाती है, क्योंकि उसके लिए प्रेम अधिक महत्वपूर्ण है। उसी तरह हमें भी भगवान से प्रेम करते समय किसी प्रकार का हिसाब-किताब नहीं रखना चाहिए। यदि हम हर भक्ति के बदले कुछ पाने की अपेक्षा करेंगे, तो वह सच्ची भक्ति नहीं होगी।”
संत के ये शब्द शिष्यों के मन में गहराई तक उतर गए। उन्हें समझ आ गया कि सच्चा प्रेम और सच्ची भक्ति दोनों ही निस्वार्थ होते हैं। जहां स्वार्थ और अपेक्षा आ जाती है, वहां प्रेम की पवित्रता कम हो जाती है।
प्रसंग की सीख
- इस कथा से हमें जीवन को बेहतर ढंग से जीने के कई महत्वपूर्ण सूत्र मिलते हैं। पहला और महत्वपूर्ण सूत्र है- निस्वार्थ भाव। अधिकांश रिश्ते लेन-देन पर आधारित हो गए हैं। हम हर काम के बदले कुछ पाने की उम्मीद रखते हैं, लेकिन सच्चा प्रेम और सच्ची भक्ति दोनों ही बिना शर्त के होते हैं।
- दूसरा सूत्र यह है कि अपने रिश्तों में “हिसाब-किताब” कम करें। जब हम हर छोटी-बड़ी बात का हिसाब रखने लगते हैं, तो रिश्तों में दूरी आने लगती है। अगर आपने किसी के लिए कुछ किया है, तो उसे बार-बार याद दिलाने की जरूरत नहीं है। इससे रिश्ते कमजोर होते हैं।
- तीसरा महत्वपूर्ण सूत्र है- अपेक्षाओं को सीमित रखना। ज्यादा अपेक्षाएं अक्सर दुख का कारण बनती हैं। यदि हम बिना किसी अपेक्षा के प्रेम करेंगे, तो हमें मानसिक शांति मिलेगी। यह सिद्धांत केवल रिश्तों में ही नहीं, बल्कि कार्यक्षेत्र में भी लागू होता है।
- चौथा सूत्र है- भक्ति में सरलता अपनाएं। कई लोग भगवान से प्रार्थना करते समय शर्तें रखते हैं, जैसे “अगर मेरा काम बन गया तो मैं यह करूंगा।” यह दृष्टिकोण भक्ति को एक सौदे में बदल देता है। सच्ची भक्ति वह है, जिसमें केवल श्रद्धा और समर्पण हो।
- पांचवां सूत्र है- दान और सेवा में निष्काम भाव। जब भी हम किसी की मदद करें या दान दें, तो उसका प्रचार न करें और न ही बदले में सम्मान की अपेक्षा रखें। इससे हमारे भीतर विनम्रता और संतोष का भाव आता है।
- अंत में, जीवन को सरल और संतुलित बनाने के लिए यह समझना जरूरी है कि हर चीज का मूल्य पैसे या लाभ से नहीं आंका जा सकता। कुछ चीजें जैसे प्रेम, विश्वास और भक्ति, चौथाये केवल अनुभव की जाती हैं, मापी नहीं जातीं।
- यदि हम इन सूत्रों को अपने जीवन में उतार लें, तो न केवल हमारे रिश्ते मजबूत होंगे, बल्कि हमें आंतरिक शांति और सच्ची खुशी भी प्राप्त होगी।



