राजधानी जयपुर के मुहाना थाना क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई;1 लाख कैश और महंगे मोबाइल सहित जरूरी डॉक्यूमेंट्स ले गए चोर

राजधानी जयपुर के मुहाना थाना क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। बदमाशों ने गणेश कॉलोनी, रामपुरा रोड स्थित एक दुकान का ताला तोड़कर करीब 1 लाख रुपए की नकदी, दो महंगे मोबाइल फोन और जरूरी डॉक्यूमेंट्स चोरी कर लिए। मामले में पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, वारदात 6 अप्रैल, सोमवार को दोपहर करीब 2:28 बजे से 3 बजे के बीच हुई। परिवादी भाजपा मण्डल महामंत्री विनोद टाटीवाल ने मुहाना थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह रोज की तरह दुकान बंद कर गए थे, लेकिन कुछ समय बाद लौटने पर दुकान का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो नकदी, दो मोबाइल फोन और कुछ जरूरी दस्तावेज गायब थे।


परिवादी के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपए आंकी जा रही है। घटना के समय दुकान बंद थी और आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि नजर नहीं आई। हालांकि वारदात के CCTV फुटेज भी सामने आए हैं, जिनके आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान में जुटी है।
मुहाना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बदमाशों ने दुकान की पहले से रेकी की थी या वारदात को मौके की नजाकत देखकर अंजाम दिया गया।



