मध्य प्रदेश

मंडला में 2 एकड़ गेहूं की फसल जली:जवारे विसर्जन के लिए जुटे लोग आग की खबर पर खेत की ओर दौड़े

मंडला जिले के महाराजपुर थाना इलाके के माली मोहगांव (टिकरा टोला) में एक गेहूं के खेत में अचानक आग लग गई। इस हादसे में करीब 2 एकड़ में पककर तैयार खड़ी फसल जलकर राख हो गई। यह खेत राजेश जाट और उनके परिवार का बताया जा रहा है।

स्थानीय निवासी रितेश राय के मुताबिक, गांव में जवारे विसर्जन के लिए लोग इकट्ठा हुए थे। जैसे ही खेत में आग लगने की खबर मिली, सभी ग्रामीण तुरंत आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े। लोगों की मुस्तैदी की वजह से आग को और अधिक फैलने से रोक लिया गया।

रास्ते की वजह से नहीं पहुंच पाई बड़ी दमकल

हादसे की सूचना फायर ब्रिगेड को भी दी गई थी, लेकिन रास्ता छोटा होने के कारण बड़ी गाड़ी खेत तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद एक छोटी गाड़ी की मदद से बची हुई आग को पूरी तरह बुझाया गया। हल्का पटवारी अगस्ति सिंह सरसाम ने बताया कि लगभग दो एकड़ की पूरी फसल जलकर बर्बाद हो गई है।

आग की सूचना पर मौके पर लोग जमा हो गए।

पुलिस कर रही है जांच

महाराजपुर थाना प्रभारी डॉ. जय सिंह यादव ने बताया कि खबर मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल आग लगने की असली वजह सामने नहीं आई है, जिसकी जानकारी जुटाई जा रही है। अभी स्थिति पूरी तरह काबू में है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button