पेट्रोल-डीजल की भोपाल में अफवाह फैलाई तो FIR होगी:रीवा में रात को पुलिस बुलानी पड़ी; नायरा का पेट्रोल 5 और डीजल 3 रुपए महंगा

अमेरिका, इजराइल और ईरान युद्ध के बीच मध्य प्रदेश के पेट्रोल पंपों पर बीते तीन दिन से भीड़ उमड़ रही है। पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाह के चलते लोग लगातार गाड़ियों का टैंक फुल कराने पहुंच रहे हैं। इस वजह से कई पंपों पर लंबी कतारें लग रही हैं। विवाद की स्थिति भी बन रही है।
रीवा में गुरुवार सुबह 5 बजे से ही लोग पंपों पर जुटने लगे। स्थिति संभालने के लिए प्रशासन ने कई जगहों पर पुलिस बल तैनात किया है।
इधर, पेट्रोल-डीजल की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाह को लेकर भोपाल जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। गुरुवार शाम को कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने इसे लेकर आदेश जारी किए हैं। इनमें साफ कहा है कि यदि आम लोगों में सोशल मीडिया के जरिए भय फैलाने का काम किया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अब जानिए, अलग-अलग शहरों के हालात
रीवा: घबराहट में पंपों पर उमड़ रहे लोग
रीवा जिले में पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह फैलने से गुरुवार सुबह 5 बजे से ही पंपों पर भीड़ लग गई। ये नजारा दोपहर तक बना रहा। हालांकि, कलेक्टर प्रतिभा पाल ने स्पष्ट किया है कि जिले में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक है। अब पंपों को सप्लाई उधार की बजाय एडवांस भुगतान पर दी जा रही है। प्रशासन ने अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
रायसेन: लिमिट तय, किसान डीजल के लिए पहुंच रहे
रायसेन में वाहन चालकों को पेट्रोल-डीजल बेचने की मात्रा तय कर दी गई है। एक व्यक्ति को अधिकतम 50 लीटर पेट्रोल और 200 लीटर डीजल ही दिया जा रहा है। फसल कटाई के चलते किसान डीजल के लिए बड़ी संख्या में पंपों पर पहुंच रहे हैं।
यहां पेट्रोल की खपत 23-24 हजार लीटर से बढ़कर 40-42 हजार लीटर प्रतिदिन जबकि डीजल की खपत 5 हजार लीटर से बढ़कर 12 हजार लीटर प्रतिदिन तक पहुंच गई है। अधिकारियों का कहना है कि स्टॉक पर्याप्त है, लेकिन बढ़ती मांग के कारण बिक्री पर नियंत्रण रखा जा रहा है।
दमोह: टैंक फुल कराने से दबाव बढ़ा
दमोह में पेट्रोल पंपों पर लोगों की भीड़ बढ़ती जा रही है। शहर में तीन पंप चालू हैं, जबकि पुलिस विभाग का पंप बंद है। संचालकों के अनुसार, लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवा रहे हैं। पहले जहां 1-2 लीटर लिया जाता था, वहीं अब टैंक फुल कराया जा रहा है।
कन्हैया पेट्रोल पंप के संचालक शिवांजय जैन ने बताया कि स्टॉक पर्याप्त है, लेकिन भीड़ जारी रही तो पंप बंद करना पड़ सकता है।
कुक्षी-बाग: दाम बढ़े, लेकिन भीड़ कम हुई
नायरा पेट्रोलियम ने पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर महंगा किया है। बाग में नायरा के पंप पर पेट्रोल ₹113.13 और डीजल ₹96 प्रति लीटर मिल रहा है, जबकि इंडियन ऑयल के पंप पर पेट्रोल ₹107.94 और डीजल ₹93 प्रति लीटर है। हालांकि, कुक्षी और बाग में पैनिक बाइंग घटी है।
भोपाल: रचना नगर पंप पर 2-3 दिन से भीड़
भोपाल के रचना नगर स्थित पेट्रोल पंप पर पिछले 2-3 दिन से ग्राहकों की संख्या बढ़ी है। पहले लोग 4-7 लीटर पेट्रोल लेते थे, अब 10 लीटर तक भरवा रहे हैं, जिससे पंप पर दबाव बढ़ गया है।
वहीं गुरुवार शाम को कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने इसे लेकर आदेश जारी किए हैं। इनमें साफ कहा है कि यदि आम लोगों में सोशल मीडिया के जरिए भय फैलाने का काम किया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आदेश में कहा गया है कि वर्तमान में भ्रामक एवं आधारहीन सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं। इन अफवाहों के कारण जनसाधारण में अनावश्यक भय व्याप्त हो रहा है। जिससे पेट्रोल पंपों पर अत्यधिक भीड़ एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति निर्मित होने की संभावना है।
अधिकारी लगातार पंपों का निरीक्षण कर रहे हैं। लोगों से अपील की जा रही है कि वे घबराकर जरूरत से ज्यादा ईंधन न भरवाएं। मांग बढ़ने से दबाव जरूर बना है, लेकिन कुल मिलाकर स्थिति नियंत्रण में है।
इंदौर: मांगलिया डिपो से लगातार सप्लाई
इंदौर में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य है। मांगलिया डिपो से सुबह 9 बजे तक 73 टैंकर पंपों के लिए रवाना किए गए। प्रशासन लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है और पंपों को ड्राई न होने देने के निर्देश दिए गए हैं। कैन और बोतलों में पेट्रोल-डीजल देने पर रोक लगाई गई है।
बालाघाट: खाद्य अधिकारी छुट्टी पर, जूनियर फोन नहीं उठा रहे
जिले में कहीं पेट्रोल नहीं है तो कहीं पुलिस की मौजूदगी में पेट्रोल-डीजल बांटा जा रहा है। वास्तविक स्थिति क्या है, यह कोई बताने को तैयार नहीं है। खाद्य अधिकारी छुट्टी पर चले गए हैं। कनिष्ठ खाद्य अधिकारी फोन रिसीव नहीं कर रहे हैं।


