मध्य प्रदेश

5वीं-8वीं का रिजल्ट कल होगा जारी:23 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स हुए थे शामिल, 11:30 बजे पोर्टल पर देख सकेंगे परिणाम

मध्य प्रदेश में कक्षा 5वीं और 8वीं के करीब 23 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा 25 मार्च को परीक्षा परिणाम घोषित किया जाएगा।

रिजल्ट सुबह 11:30 बजे से ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध होगा, जहां छात्र अपने रोल नंबर या समग्र आईडी के जरिए आसानी से परिणाम देख सकेंगे।

इस बार परीक्षाएं बोर्ड पैटर्न पर आयोजित की गई थीं, जिससे छात्रों और अभिभावकों में परिणाम को लेकर खास उत्सुकता बनी हुई है।

सुबह 11:30 बजे से देख सकेंगे रिजल्ट

राज्य शिक्षा केन्द्र के अनुसार, परिणाम घोषणा की प्रक्रिया 25 मार्च को सुबह 11 बजे से शुरू होगी। इसके बाद 11:30 बजे आधिकारिक पोर्टल पर रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा। विद्यार्थी, अभिभावक और शिक्षक वेबसाइट पर जाकर रोल नंबर या समग्र आईडी दर्ज कर परिणाम देख सकेंगे।

इस बार रिजल्ट देखने की प्रक्रिया को और आसान बनाया गया है। राज्य शिक्षा केन्द्र ने पोर्टल का लिंक QR कोड के माध्यम से भी उपलब्ध कराया है। छात्र इस कोड को स्कैन कर सीधे रिजल्ट पेज तक पहुंच सकेंगे।

बोर्ड पैटर्न पर हुई थी 5 वीं और 8 वीं की परीक्षा

प्रदेश में इस बार कक्षा 5वीं और 8वीं की परीक्षाएं बोर्ड पैटर्न पर आयोजित की गई थीं। यह परीक्षाएं 20 फरवरी से 28 फरवरी के बीच संपन्न हुईं। इसमें सरकारी, निजी स्कूलों और पंजीकृत मदरसों के छात्र शामिल हुए थे।

आंकड़ों के अनुसार, कक्षा 5वीं में 12 लाख 76 हजार से अधिक और कक्षा 8वीं में 10 लाख 92 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इस तरह कुल मिलाकर करीब 23 लाख 68 हजार छात्र-छात्राएं इस परीक्षा में शामिल हुए।

322 केंद्रों पर हुआ मूल्यांकन

उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए पूरे प्रदेश में 322 केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर 1 लाख 10 हजार से अधिक शिक्षकों ने कॉपियों का मूल्यांकन किया। इसके बाद अंकों की ऑनलाइन एंट्री पोर्टल पर दर्ज की गई, जिससे रिजल्ट प्रक्रिया समय पर पूरी हो सकी।

सिर्फ छात्र ही नहीं, बल्कि स्कूलों के प्राचार्य और शिक्षक भी पोर्टल के जरिए अपनी पूरी स्कूल का विद्यार्थीवार परिणाम देख सकेंगे। इससे स्कूल स्तर पर प्रदर्शन का आकलन करना आसान होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button