प्रेमी से मिलने 1500km दूर लुधियाना पहुंची लड़की:स्नैपचैट पर प्यार, MP से अकेले आई; कोर्ट में बोली- फ्रेंड है, मुझे अलग कमरे में रखा

मध्यप्रदेश की एक नाबालिग लड़की स्नैपचैट पर हुए प्यार के चक्कर में 1500KM दूर लुधियाना पहुंच गई। वह लुधियाना रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां किसी के मोबाइल से प्रेमी से संपर्क किया। फिर प्रेमी उसे अपने साथ ले गया। करीब 4 महीने तक वह उसके साथ भी रही। उधर, MP में परिवार ने बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी।
जिसके बाद मध्यप्रदेश पुलिस ने करीब एक हफ्ते पहले उसे लुधियाना में ट्रेस किया और दोनों को पकड़कर ले गई। जिसके बाद इस पूरे मामले का लुधियाना में खुलासा हुआ। हालांकि पुलिस ने जब उसे कोर्ट में पेश किया तो लड़की ने कोर्ट में कहा कि मैं जब गई थी तब नाबालिग थी लेकिन अब बालिग हो चुकी हूं। युवक मेरा फ्रेंड है। इसने मेरे साथ कुछ गलत नहीं किया। मुझे अलग रूम में रखा।
लड़की के बयान के बाद कोर्ट ने युवक को छोड़ने के आदेश दिए। पुलिस ने युवक को मध्यप्रदेश से वापस भेज दिया। जबकि लड़की को उसके परिवार के हवाले कर दिया। युवक का नाम सचिन झा है। वह लुधियाना में एक फैक्टरी में काम करता है।

दोनों के बीच कैसे हुई दोस्ती, लड़की लुधियाना कैसे पहुंची
- सोशल मीडिया स्नैपचैट पर हुई दोस्ती: युवक व लड़की की दोस्ती स्नैपचेट सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर हुई। दोनों करीब डेढ़ साल से चैट कर रहे थे। पहले उनकी फ्रेंडशिप हुई। फिर दोनों एक दूसरे से प्यार करने लगे। लुधियाना के युवक ने MP पुलिस को बताया कि लड़की बार-बार उसको मिलने के लिए बुला रही थी। मगर, उसने मध्यप्रदेश आने से मना कर दिया। पुलिस पूछताछ में नाबालिगा ने जब युवक से मिलने की जिद कर रही थी। लड़की ने उसे कहा कि वो मिलने लुधियाना आएगी। जिस पर युवक ने उसे लुधियाना आने से मना किया।
- 20 दिसंबर को घर से निकली थी नाबालिगा: जानकारी के अनुसार नाबालिगा 20 दिसंबर 2025 को मध्यप्रदेश के पांढुर्णा से लुधियाना के लिए निकली और अगले दिन लुधियाना पहुंची। उसकी मां ने पांढुर्णा थाने में बेटी के गुम होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। सचिन ने पुलिस को बताया कि वो उसे लुधियाना आने से रोक रहा था। एक दिन लड़की ने किसी और के फोन से कॉल की और कहा कि लुधियाना स्टेशन पहुंच गई हूं। कहां आना है बताओ। जिस पर युवक ने कहा कि रूक जा, मैं वहीं आता हूं।
- रेलवे स्टेशन से वापस जाने को कहा: MP की पांढुर्णा पुलिस ने बताया कि युवक ने उन्हें बताया कि जब वो रेलवे स्टेशन पहुंचा तो उसने लड़की को कहा कि तुम अभी नाबालिग हो और घर वालों को बताए बिना यहां आ गई जो गलत है। इसलिए तुम वापस जाओ। लड़की ने वापस जाने से मना कर दिया और कहा कि
- वो अब उसके साथ ही रहेगी।
- सचिन लड़की को अपने साथ ले गया, अलग रूम में रखा: सचिन ने पुलिस को बताया कि जब वो वापस नहीं गई तो उसे लेकर अपने बेहड़े में गया। उसे वहां पर अलग रखा। उसके पास मोबाइल नहीं था। जिसकी वजह से उसके घर वालों से संपर्क नहीं कर सका। पांढुर्णा पुलिस को लंबी तहकीकात के बाद पता चला कि लड़की लुधियाना के ढंडारी में रह रही है। पुलिस टीम 11 मार्च को लुधियाना पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर मध्यप्रदेश पहुंची।
- लड़की को कोर्ट में पेश किया, बोली- वह मेरा फ्रेंड: पांढुर्णा पुलिस के ASI प्रकाश रघुवंशी ने बताया कि लड़की को कोर्ट में पेश किया और उसके बयान करवाए। लड़की ने कोर्ट में कह दिया कि वो जब गई थी तब नाबालिग थी लेकिन अब बालिग हो गई है। उसने कहा कि सचिन उसका फ्रेंड है और करीब डेढ़ साल से एक दूसरे को जानते हैं। लड़की ने कोर्ट में कहा कि सचिन ने उसके साथ कुछ भी गलत नहीं किया और उसे अलग रूम में रखा था।
- लड़की के बयान पर कोर्ट ने सचिन को किया रिहा: एएसआई ने बताया कि जब लड़की ने कोर्ट में बयान दे दिए तो कोर्ट ने सचिन को रिहा करने को कह दिया। कोर्ट ने कहा कि लड़की अपनी मर्जी से गई थी और उसके साथ कुछ भी गलत नहीं हुआ तो लड़के को रिहा कर दो। पुलिस ने उसके बाद लड़के को वापस घर भेज दिया।

बिना मोबाइल पुलिस ने कैसे किया ट्रेस
- लड़की मोबाइल साथ लेकर नहीं आई: पांढुर्णा पुलिस के मुताबिक लड़की अपना मोबाइल साथ लेकर नहीं आई। जिसकी वजह से उसकी लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो गया था।पहले फेज में यह पता नहीं था कि लड़की किसी लड़के को मिलने गई है। एएसआई प्रकाश रघुवंशी ने बताया कि लड़की का पता करने के लिए साइबर सेल की मदद ली गई। साइबर सेल ने लड़की के सोशल मीडिया अकाउंट को खंगाला।
- सोशल मीडिया अकाउंट से हुआ खुलासा: लड़की के सोशल मीडिया अकाउंट से पता चला कि वो लुधियाना के सचिन से चैट करती थी। उसके बाद सचिन का कांट्रेक्ट व लोकेशन ट्रेस की। पुलिस ने सचिन की लोकेशन ट्रेस करने के बाद 11 मार्च को उसके घर पर रेड की और लड़की को बरामद किया। पुलिस दोनों को लेकर गई और थाना फोकल प्वाइंट को इस संबंध में सूचित किया।


