मध्य प्रदेश में बुधवार से आंधी-बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव हो गया;मध्य प्रदेश में बुधवार से आंधी-बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव हो गया

मध्य प्रदेश में बुधवार से आंधी-बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव हो गया है। इस वजह से प्रदेश में अगले 4 दिन तक मौसम बदला रहेगा। तेज गर्मी की बजाय कहीं आंधी चलेगी तो कहीं पानी गिरेगा। मंगलवार-बुधवार की देर रात बालाघाट जिले में 1 इंच पानी गिर गया। वहीं, उत्तरी हिस्से के भिंड, दतिया में बादल छाए हुए हैं। दोपहर में भोपाल में भी हल्के बादल रहे।
मौसम विभाग ने रात में दक्षिण-उत्तरी हिस्से के 19 जिलों में बारिश होने का अनुमान जताया है। इनमें छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, डिंडौरी और बालाघाट में तेज बारिश हो सकती है। वहीं, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, ग्वालियर, भिंड, दतिया और निवाड़ी में गरज-चमक और हल्की बारिश होने का अनुमान है। यहां पर तेज आंधी भी चल सकती है।

सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया, वर्तमान में सिस्टम सक्रिय है। जिसका असर प्रदेश में भी देखने को मिलेगा। इसलिए 19 से 21 मार्च तक प्रदेश में बारिश होगी।
5 साइक्लोनिक सर्कुलेशन और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को एमपी के ऊपर पश्चिम-उत्तरी हिस्से में पांच साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव रहे। वहीं, दक्षिण-पूर्वी हिस्से में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस का भी असर रहा। इस वजह से ग्वालियर-चंबल के कुछ जिलों में बादल छाए रहे और दिन के तापमान में गिरावट देखी गई।
तापमान की बात करें तो खरगोन में ही पारा सबसे ज्यादा 38.6 डिग्री दर्ज किया गया। खजुराहो में 38.4 डिग्री, नरसिंहपुर में 38 डिग्री, रायसेन में 37.6 डिग्री, मंडला में 37.5 डिग्री, नर्मदापुरम में 37.2 डिग्री और खंडवा में तापमान 37.1 डिग्री रहा। प्रदेश के 5 बड़े शहरों में जबलपुर में सबसे ज्यादा 36.1 डिग्री रहा। वहीं, भोपाल में 35.2 डिग्री, इंदौर में 34.9 डिग्री, उज्जैन-ग्वालियर में 35.5 डिग्री दर्ज किया गया।


