यूपी में फिर बिगड़ेगा मौसम, 4 दिन बारिश का अलर्ट:आंधी चलेगी, बिजली भी गिर सकती है; 48 घंटे में 3°C लुढ़का पारा

यूपी में मौसम फिर बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग ने 19 मार्च से 4 दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में तेज आंधी के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई है। वहीं, पिछले 48 घंटों में जगह-जगह हुई बारिश की वजह से तापमान करीब 3°C तक लुढ़क गया है। इससे रात और सुबह के वक्त ठंड का एहसास हो रहा है।
पिछले 24 घंटे की बात करें तो पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हुई। शामली में एक-दो जगहों पर ओले भी गिरे। पूर्वी यूपी में भी कहीं-कहीं बौछारें पड़ीं। कहीं-कहीं आंधी भी चली। इस वजह से तापमान में गिरावट देखी गई। पारा 40°C से नीचे आ गया।
सबसे ज्यादा तापमान सुल्तानपुर में रिकॉर्ड किया गया। यहां अधिकतम तापमान 37.4°C दर्ज किया गया। इसके अलावा बांदा में पारा 37.4°C, हमीरपुर में 36.2°C, उरई में 36°C और झांसी में 36°C रिकॉर्ड किया गया।
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने मौसम में हुए बदलाव की वजह बताई। उन्होंने कहा-

15 और 16 मार्च को पूरे प्रदेश में हल्की बारिश हुई। आज और कल मौसम साफ रहेगा। 19 मार्च से प्रदेश में एक और विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इस वजह से बारिश-आंधी का दौर फिर से शुरू होगा। 40-50 किमी की स्पीड से हवा चलेगी। ओले भी गिर सकते हैं।




