जयपुर

राजस्थान में बारिश, ओले गिरे, पारा भी लुढ़का:आज 10 जिलों में आंधी-बरसात का अलर्ट, 2 दिन बाद फिर बदलेगा मौसम

उत्तर भारत में एक्टिव हुए वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के कारण राजस्थान में मौसम बदल गया है। जयपुर, बीकानेर सहित कई जिलों शनिवार देर रात बारिश हुई।

वहीं, खैरथल-तिजारा जिले के टपूकड़ा में रविवार सुबह ओले भी गिरे हैं। अचानक बदले मौसम से रात के तापमान में दो-तीन डिग्री की गिरावट के कारण गर्मी कम हो गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने आज 10 जिलों में बारिश का भी अलर्ट जारी किया है। केंद्र के अनुसार 18 मार्च से फिर बारिश और ओले गिरने की चेतावनी है।

खैरथल-तिजारा के टपूकड़ा में रविवार सुबह करीब 10 मिनट तक चने के आकार के ओले गिरे।

आधा इंच से ज्यादा बरसात

नए सिस्टम के असर से बीकानेर, जयपुर, झुंझुनूं, तिजारा-खैरथल सहित कई जिलों में बारिश हुई है। बीकानेर के डूंगरगढ़ में देर रात शुरू हुआ बारिश का दौर रविवार सुबह तक जारी रहा।

वहीं, झुंझुनूं में 12.5MM और पिलानी में 2MM बारिश दर्ज हुई। रविवार सुबह 6 बजे भिवाड़ी (तिजारा-खैरथल) में तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे।

इससे पहले शनिवार को कोटा, जोधपुर, जयपुर समेत कई जिलों के दिन के तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हुई। सभी शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ।

बीकानेर के श्री डूंगरगढ़ में रातभर रुक-रुककर बरसात हुई। इस कारण तापमान में दो डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई।

18 से फिर नया सिस्टम

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- वर्तमान में एक सिस्टम एक्टिव है, जिसका प्रभाव 15 मार्च तक रहेगा। इस सिस्टम का असर से राजस्थान में गर्मी से थोड़ी राहत मिली।

कुछ शहरों में पिछले एक-दो दिन में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। 16 और 17 मार्च को प्रदेश में मौसम साफ रहेगा।

वहीं, 18 ​मार्च से फिर एक नया सिस्टम एक्टिव होगा, जिसके असर से राज्य में दो दिन आंधी-बारिश के साथ कहीं-कहीं ओले गिरने की संभावना है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button