एमपी में मार्च के दूसरे हफ्ते से ही गर्मी के तेवर तीखे; सबसे गर्म ग्वालियर-चंबल…टेम्परेचर 6°C ज्यादा:भोपाल, इंदौर-उज्जैन में भी गर्मी बढ़ी; 15 मार्च से असर बढ़ेगा

एमपी में मार्च के दूसरे हफ्ते से ही गर्मी के तेवर तीखे हो गए हैं। इस वजह से ग्वालियर-चंबल में तापमान सामान्य से 6 डिग्री के ज्यादा हो गया है। भोपाल, इंदौर और उज्जैन में भी गर्मी बढ़ी है। मौसम विभाग की माने तो 15 मार्च के बाद गर्मी का असर और भी बढ़ जाएगा।
मंगलवार को धार में पारा सबसे ज्यादा 39 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। सागर में 38.9 डिग्री, रतलाम में 38.8 डिग्री, नर्मदापुरम में 38.8 डिग्री, खजुराहो (छतरपुर) में 38.3 डिग्री, गुना में 38.1 डिग्री और दमोह-टीकमगढ़ में 38 डिग्री दर्ज किया गया।
बाकी शहरों में भी पारा 34 डिग्री या इससे अधिक ही रहा। 5 बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर में सबसे ज्यादा 37.2 डिग्री, उज्जैन में 37 डिग्री, जबलपुर में 36.6 डिग्री, इंदौर में 36.8 डिग्री और भोपाल में 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हवा की रफ्तार बदली, इसलिए जल्दी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में हवा की दिशा उत्तर-पूर्व से अब पश्चिम और उत्तर-पश्चिम हो गई है। वहीं, हवा में नमी बहुत कम है। साथ ही रेगिस्तानी इलाकों से मप्र पहुंचती है। यह अपने साथ गर्मी भी लाती है।
मार्च में सर्दी-जुकाम, एलर्जी का खतरा
डॉक्टरों की मानें तो मार्च का यही मौसम सबसे ज्यादा बीमारियां फैलाता है। दरअसल, इस महीने दिन में तो गर्मी बढ़ जाती है, लेकिन रात और सुबह हल्की ठंड रहती है। कई बार लोग दिन की गर्मी से बचने के लिए हल्के कपड़े पहन लेते हैं। वहीं, कोल्ड्रिंक्स समेत शीतल पेय पदार्थों का भी सेवन करते हैं। इससे सर्दी-जुकाम एलर्जी और अस्थमा के मरीज बढ़ते हैं। सुबह और देर रात ठंडी हवा से बचना जरूरी है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को।
मार्च के दूसरे सप्ताह में पड़ती है गर्मी
प्रदेश में मार्च के दूसरे पखवाड़े में तेज गर्मी का ट्रेंड है। पिछले 10 साल में 15 मार्च के बाद ही तेज गर्मी पड़ी है, लेकिन इस बार ट्रेंड बदल गया है। दूसरे पखवाड़े की बजाय शुरुआत में ही पारे में उछाल आया है।
15 के बाद बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग ने 15 मार्च के बाद मौसम में बदलाव होने का अनुमान जताया है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से पूर्वी-दक्षिणी हिस्से में हल्की बूंदाबांदी और बादल छाए रह सकते हैं।
मार्च के दूसरे सप्ताह में पड़ती है गर्मी
प्रदेश में मार्च के दूसरे पखवाड़े में तेज गर्मी का ट्रेंड है। पिछले 10 साल में 15 मार्च के बाद ही तेज गर्मी पड़ी है, लेकिन इस बार ट्रेंड बदल गया है। दूसरे पखवाड़े की बजाय शुरुआत में ही पारे में उछाल आया है।


