अपना सलाहकार चुनने से पहले उसके व्यवहार में इन चीज़ों को देखना है बहुत ज़रूरी

जीवन में दोराहे का असमंजस जब भी सामने आता है, किसी की सलाह की ज़रूरत महसूस होती है। सलाह देने वाले का चुनाव बेहद जटिल कार्य है। आपका भविष्य ही नहीं, आपका रवैया, आपकी सोच और आपकी प्रगति सब इस अहम चुनाव से प्रभावित होते हैं।
शिवानी दफ़्तर में पहली बार कोई प्रेज़ेंटेशन दे रही थी। मीटिंग महत्वपूर्ण थी और शिवानी आश्वस्त। प्रेज़ेंटेशन के दौरान एक जगह वो एक आंकड़े पर अटक गई। मीटिंग को वहीं लंच के लिए रोक दिया गया। ऑफिस की ही उसकी अनुभवी दोस्त कविता ने शिवानी को अपनी राय देते हुए कहा कि बॉस तुमसे नाराज़ हैं, तुम्हारे आगे के मौके तो गए समझो। शिवानी बचे हुए प्रेज़ेंटेशन को लेकर निराश हो गई थी कि तभी सामने बॉस खड़े दिखे। उसने पूरी हिम्मत बटोरकर उनसे उनका फीडबैक मांग लिया। उन्होंने सहजता से कहा, ‘मैंने ब्रेक ही इसलिए लिया कि तुम अपना विश्वास बटोरकर आगे का हिस्सा पूरा करो। ग़लती तो सिखाती है, यह हार मानने का कारण नहीं बननी चाहिए।’ शिवानी ने अब सही सलाहकार चुना था।
जीवन में आने वाले उतार-चढ़ाव के समय हमें ऐसे अनुभवी की तलाश होती है जो सही रास्ता दिखा सके। लेकिन हमें यह समझना चाहिए कि एक कुशल सलाहकार, आपकी क्षमताएं पहचानकर उन्हें निखारने का काम करता है। ऐसे में किसी की निकटता या उसके अनुभव को उसकी योग्यता मानकर उसे अपना मार्गदर्शक चुन लेना जीवन में नई नकारात्मकताएं लाने के साथ आपके आत्मविश्वास की जड़ें भी हिला सकता है। वो कोई दोस्त हो, परिजन, सहयोगी या वरिष्ठ, कोई भी, जो आपकी क्षमताओं और सपनों के साथ है, वही सच्चा सलाहकार है। इन मापदंडों को भी जांचें-
सम्मान और सीमाओं का निर्वहन
जिस पर आप सलाह के लिए निर्भर हैं, उसके पास आपके लिए समय होता है? क्या वह आपकी पूरी बात सुनने के स्थान पर अपनी राय थोपने का प्रयास करता है? यदि किसी परामर्श में आपको अपनी मान्यताओं को छोटा करना पड़ रहा है, तो वहां मार्गदर्शन कम और नियंत्रण अधिक है। एक सकारात्मक सलाहकार आपको अपनी सीमाओं में रहकर भी आसमान छूने का हौसला देता है। उसे ये भी भान होता कि आप सही निर्णय लेने में सक्षम हैं। वह आपकी बुद्धि और विवेक का सम्मान करता है।
दृष्टिकोण को विस्तार देने की क्षमता
आपका मार्गदर्शक आपको लोगों से जोड़ने की बात करता है या उनसे दूर करने की? यदि कोई सलाहकार आपके निजी संबंधों या कार्यक्षेत्र में हर व्यक्ति के प्रति आपके मन में संशय और कड़वाहट भर रहा है, जैसे कि शुरुआत के उदाहरण में कविता, तो वह आपको सुरक्षा के स्थान पर असुरक्षा की ओर ले जा रहा है। परामर्शदाता का कार्य जटिलताओं में सरलता खोजना है। एक अच्छा सलाहकार वह है जो समस्याओं के ढेर में उलझाने के स्थान पर समाधान की खिड़की खोल दे। वह हर चुनौती में अवसर खोजने की दृष्टि देता है। उसके साथ चर्चा करने के बाद आप खुद को शांत और स्पष्ट महसूस करते हैं।
व्यक्तित्व का स्वीकार और प्रोत्साहन
यदि कोई आपको नीचा दिखाकर या दूसरों से तुलना करके आपको बदलने का प्रयास करता है, तो वह आपके व्यक्तित्व को कुचल रहा है। मार्गदर्शन का अर्थ आपको आपके मूल स्वभाव से दूर करना नहीं, आपके स्वभाव को संवारना है। कमियां सब में होती हैं। जो उनका मज़ाक़ बनाए या उन्हें बार-बार दोहराए, वह मददगार कैसे हो सकता है?
आशावादी ऊर्जा का संचार
निराशावादी सोच रखने वाले व्यक्ति के साथ रहने से आपकी सीखने की इच्छा कम होने लगती है। उसका नज़रिया अनजाने में आपका नज़रिया बन जाता है। उसकी ऊर्जा आपके मन पर गहरा प्रभाव डालती है। चुनौतियां सबके सामने आती हैं, पर जो सलाहकार स्वयं छोटी बातों पर विचलित हो जाए और नकारात्मक पक्ष देखने का आदी हो, वह आपको स्थिरता नहीं दे सकता। एक सकारात्मक मार्गदर्शक आपको नई शुरुआत के लिए तैयार करता है।
आपकी प्रगति में नि:स्वार्थ आनंद
यदि आपकी उपलब्धि पर आपके सलाहकार के व्यवहार में कड़वाहट या उपेक्षा दिखाई दे, तो समझ लें कि वहां स्वार्थ आ चुका है। एक आदर्श मार्गदर्शक आपकी जीत का उत्सव आपसे अधिक उत्साह के साथ मनाता है। वह आपके सपनों को असंभव बताकर आपके पैरों में बेड़ियां नहीं डालता। जब आप बड़े सपने देखते हैं, तो एक सच्चा मार्गदर्शक आपकी योग्यताओं पर भरोसा जताता है। वह आपको वास्तविकता का ज्ञान कराएगा, लेकिन आपकी हिम्मत को टूटने नहीं देगा।
दिल से पहले दिमाग़ की सुनें
एक बोध कथा है। एक बैल दिन भर खेत जोतने के बाद थक गया। उसने अपने मित्र बकरे से दिल की बात साझा करते हुए सलाह मांगी – मैं कल के दिन आराम कर लूं, तो कैसा रहे? बकरे ने गधे को बताया कि बैल सुस्त महसूस कर रहा है। गधे ने भेड़ से कहा कि बैल हड़ताल करने वाला है। भेड़ ने शूकर से कहा, बैल काम छोड़कर जाने ही वाला है। शूकर ने किसान को खंजर थमाते हुए कहा- बैल अब काम का नहीं रहा। अगले दिन सुबह क्या हुआ होगा, हम समझ सकते हैं। ज़रा आराम करने की सरल-सी सलाह मांगने वाले बैल के लिए वो बात घातक सिद्ध हुई।



