राजस्थान में देर रात तक होगा होलिका दहन:पूजा करने के बाद हुई शुरुआत, जानिए सिटी पैलेस में कब जलाई जाएगी होली
राजस्थान में सोमवार देर रात तक होलिका दहन होगा। राज्य के जिलों में होलिका दहन का समय अलग-अलग रहेगा। जयपुर में होलिका दहन 2 मार्च की रात 1 बजकर 26 मिनट से 2 बजकर 38 मिनट के बीच होगा। इस समय भद्रा पुच्छ काल रहेगा। इसी समय को श्रेष्ठ मानते हुए शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर आयोजन तय किए गए हैं।
परंपरा के अनुसार जयपुर में सबसे पहले गोविंददेवजी मंदिर और सिटी पैलेस में होलिका दहन किया जाएगा। यहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद पवित्र अग्नि प्रज्वलित की जाएगी। इसके बाद युवा और स्थानीय लोग इस पवित्र अग्नि को शहर की अलग-अलग कॉलोनियों और मोहल्लों में ले जाकर होलिका दहन करेंगे।
सिटी पैलेस में 1:26 बजे होगा पारंपरिक आयोजन
सिटी पैलेस में हर साल की तरह इस बार भी पारंपरिक ‘होलिका दहन’ कार्यक्रम आयोजित होगा। मुहूर्त के अनुसार रात को 1 बजकर 26 मिनट पर सिटी पैलेस परिसर में होलिका दहन की शुरुआत होगी। ‘होलिका दहन’ से पूर्व पद्मनाभ सिंह पारंपरिक रीति से पूजा-अर्चना करेंगे।
पूजन के बाद निर्धारित समय पर होलिका प्रज्वलित की जाएगी। आयोजन के बाद स्थानीय लोग होली की पवित्र अग्नि को अपने-अपने क्षेत्रों में ले जा सकेंगे, जहां उसी अग्नि से होलिका दहन किया जाएगा।

भद्रा पुच्छ में दहन को माना गया श्रेष्ठ
ज्योतिष गणना के अनुसार इस बार भद्रा अर्धरात्रि तक प्रभावी रहेगी। शास्त्रीय मान्यता के अनुसार भद्रा के मुख भाग में होलिका दहन नहीं किया जाता, जबकि भद्रा के पुच्छ भाग में दहन करना श्रेष्ठ माना जाता है। इसी आधार पर रात 1 बजकर 26 मिनट से 2 बजकर 38 मिनट तक का समय होलिका दहन के लिए निर्धारित किया गया है।
शहर में प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की ओर से व्यवस्थाएं की गई है, ताकि श्रद्धालु निर्धारित समय पर पहुंचकर पूजा-अ



