मेरठ में कपड़ा कारोबारी के परिवार के 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई
मेरठ में कपड़ा कारोबारी के परिवार के 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। इनमें जुड़वां बेटियों समेत 5 बच्चे हैं। कारोबारी पिता सोमवार देर शाम नमाज पढ़ने गए थे, तभी तीन मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। उस वक्त घर में महिलाएं, बच्चों समेत 12 लोग थे।
ग्राउंड फ्लोर में लगी आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को बाहर निकलने का वक्त नहीं मिला। सभी लपटों के बीच अंदर फंस गए। पड़ोसियों ने तुरंत फर्स्ट फ्लोर में फंसे 5 लोगों को सीढ़ी लगाकर बाहर निकाल लिया।
लेकिन, सेकंड फ्लोर में एक महिला और 5 बच्चे फंस गए। आग-धुआं देखकर महिला डर गई, उसने बचने के लिए सभी बच्चों के साथ खुद को कमरे में बंद कर लिया। थोड़ी देर में पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची।
आग के बीच सेकंड फ्लोर तक पहुंचने को कोई रास्ता नहीं मिला तो पड़ोसी की दीवार तोड़ी गई। लेकिन, इतनी देर में महिला और 5 बच्चों की मौत हो गई।
कपड़ों के चलते तेजी से फैली आग लिसाड़ीगेट थानाक्षेत्र में सुराही वाली मस्जिद में गली नंबर-1 किदवई नगर की है। तीन मंजिला मकान में इकबाल अहमद का परिवार रहता था। इकबाल कपड़े तैयार कराते हैं। ऑर्डर पर और दूसरे शहरों में लगने वाली एग्जिबिशन में उन्हें सेल करते हैं। परिवार में उनके 5 बेटे हैं। इनमें 3 की शादी हो चुकी थी, जबकि दो अनमैरिड हैं।
सोमवार देर शाम जब हादसा हुआ, उस वक्त इकबाल अहमद और उनके 4 बेटे नमाज पढ़ने बाहर गए थे, जबकि एक बेटा प्रयागराज गया हुआ था। यानी, परिवार में कोई पुरुष मौजूद नहीं था। इकबाल अहमद का परिवार कपड़े का कारोबार करता है।
ऐसे में घर के ग्राउंड फ्लोर में स्टोर बना रहा था। इसमें कपड़े ही कपडे़ भरे थे। रात 8-9 बजे अचानक ग्राउंड फ्लोर में आग लग गई। बताया जा रहा कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी और कपड़ों की वजह से कुछ ही मिनट में तेजी से फैल गई।

