मध्य प्रदेश

होली के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे ने रतलाम मंडल से होकर 5 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया

होली के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे ने रतलाम मंडल से होकर 5 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है, जिससे इंदौर सहित मालवा क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। इनमें सबसे महत्वपूर्ण ट्रेन संख्या डॉ. आंबेडकर नगर-पटना साप्ताहिक स्पेशल है, जो 26 फरवरी से 26 मार्च तक प्रत्येक गुरुवार को डॉ. आंबेडकर नगर से पटना और शुक्रवार को पटना से आंबेडकर के बीच संचालित होगी।

रेलवे जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि रेलवे ने रतलाम मंडल को पांच होली स्पेशल ट्रेनें दी हैं। इनमें से एक इंदौर से होकर गुजरेगी। यह ट्रेन डॉ. आंबेडकर नगर-पटना- डॉ. आंबेडकर नगर (09343/09344) है, जो शाम 6 बजे महू से रवाना होकर 6:30 बजे इंदौर पहुंचेगी और उज्जैन व मक्सी होते हुए अगले दिन पटना पहुंचेगी।

वापसी में यह ट्रेन हर शुक्रवार को पटना से रात 9:30 बजे चलकर शनिवार रात 11:10 बजे इंदौर पहुंचेगी। इस ट्रेन से इंदौर के यात्रियों को विदिशा, बीना, सतना, प्रयागराज, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा और दानापुर होते हुए पटना तक सीधी सुविधा मिलेगी।

उज्जैन-रतलाम से मिलेंगे यात्रा के विकल्प

ट्रेन में एसी, स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा मुंबई-कटिहार, मुंबई-बनारस एसी स्पेशल, वडोदरा-गोरखपुर और वडोदरा-मऊ सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेनें भी रतलाम मंडल से होकर चलेंगी। जिससे इंदौर के यात्रियों को उज्जैन व रतलाम के माध्यम से बिहार, वाराणसी, गोरखपुर और पूर्वांचल क्षेत्र तक अतिरिक्त यात्रा विकल्प मिलेंगे।

आसानी से मिलेगी सीट

रेलवे ने बताया कि इन ट्रेनों की बुकिंग पीआरएस काउंटर और आईआरसीटीसी वेबसाइट पर शुरू हो चुकी है, जिससे होली पर घर जाने वाले यात्रियों को आसानी से सीट मिलने में सुविधा होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button