भोपाल-इंदौर समेत 15 शहरों में पारा 30°C पार:एमपी में दिन में गर्मी बढ़ी; रातें सर्द…11 शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे
मध्य प्रदेश में अब दिन गर्म होने लगे हैं। मंगलवार को भोपाल, इंदौर समेत 15 शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से पार रहा। हालांकि, रातें अभी भी ठंडी है। बीती रात 11 शहरों में टेम्पेरेचर 10 डिग्री से नीचे रहा। मौसम विभाग ने दो दिन बाद दिन-रात के तापमान में गिरावट होने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग के अनुसार, देश में दो सिस्टम एक्टिव है, लेकिन कमजोर होने की वजह से बारिश के आसार कम ही है। दूसरी ओर, 13 और 16 फरवरी को नए वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकते हैं। इसका असर एमपी में दिखाई दे सकता है। इससे दिन और रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की गिरावट हो सकती है।
दिन में नर्मदापुरम सबसे गर्म, कल्याणपुर की रात ठंडी मंगलवार को भोपाल, इंदौर, दमोह, खजुराहो, मंडला, सागर, टीकमगढ़, बैतूल, गुना, धार, खंडवा, खरगोन, रायसेन, रतलाम समेत 15 शहरों में पारा 30 डिग्री से ज्यादा रहा। नर्मदापुरम में तापमान सबसे ज्यादा 33 डिग्री दर्ज किया गया।
वहीं, सोमवार-मंगलवार की रात में शहडोल के कल्याणपुर की रात सबसे ठंडी रही। यहां न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री पहुंच गया। कटनी के करौंदी में 5.9 डिग्री, अनूपपुर के अमरकंटक में 7.8 डिग्री, खजुराहो में 8.2 डिग्री, पचमढ़ी-उमरिया में 8.4 डिग्री, रीवा में 8.5 डिग्री, शिवपुरी में 9 डिग्री, मंडला में 9.1 डिग्री, दतिया में 9.5 डिग्री और नौगांव में 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


