भोपाल में प्रोफेसर ने घर में फांसी लगाकर सुसाइड किया:लिखा- बीमारी से परेशान हूं…इसलिए जीना नहीं चाहता, सभी को बहुत प्यार करता हूं

भोपाल के रातीबड़ इलाके में रहने वाले प्राइवेट कॉलेज के प्रोफेसर ने मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। बुधवार सुबह परिजनों ने बॉडी देखने के बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के कमरे से पुलिस को सुसाइड नोट मिला है।
जिसमें उसने बीमारी के चलते जान देने की बात लिखी है। हालांकि परिजनों ने उसे किसी भी तरह की गंभीर बीमारी होने से इनकार किया है। पुलिस सभी एंगल पर जांच कर रही है। एसआई गब्बर सिंह के मुताबिक 32 वर्षीय शैलेंद्र सिंह ठाकुर पुत्र महेंद्र सिंह ठाकुर गोल्डन सिटी रातीबड़ में किराए से रहते थे। वह मूल रूप से सीहोर जिले के आष्टा स्थित गोपालपुर गांव के रहने वाले थे।
छह माह से किराए से रह रहा था
बीते 6 महीने से भोपाल में किराए का कमरा लेकर रहते थे और रातीबड़ के ही प्राइवेट कॉलेज में बतौर प्रोफेसर जॉब कर रहे थे। उनके भाई ने पुलिस को बताया कि शैलेंद्र को किसी तरह की गंभीर बीमारी नहीं थी।
जल्द हो जाता था मौसमी बीमारियों का शिकार
बीते कुछ समय से उसे सर्दी और जुकाम जल्दी हो जाया करता था। इसके बाद होने वाली कमजोरी से वह परेशान रहता था। एसआई ने बताया कि शैलेंद्र के कमरे से मिले सुसाइड नोट में उसने लिखा कि बीमारी से तंग हूं…इसलिए जीना नहीं चाहता। सभी को बहुत प्यार करता हूं। अपना ध्यान रखें और स्वस्थ्य रहें।
पत्नी को भी है कैंसर
पुलिस के मुताबिक शैलेंद्र की पत्नी को बच्चेदानी का कैंसर है। जिसका इलाज बीते एक साल से चल रहा है। फिलहाल पत्नी अपने गोपालपुर स्थित मायके में रह रही है। मायके वाले ही उसका इलाज करा रहे हैं। इस बात को लेकर भी शैलेंद्र तनाव में रहता था।


